घर-घर वायरल के मरीज, अस्पतालों में कतार
बागपत में वायरल फीवर का प्रकोप बढ़ रहा है, जिसमें बुखार 102 से 104 डिग्री तक पहुंच रहा है। इसके साथ पेट दर्द, उल्टी, दस्त और जुकाम जैसी समस्याएं भी सामने आ रही हैं। सरकारी अस्पतालों में मरीजों की भीड़ बढ़ गई है और स्वास्थ्य विभाग ने कैंप में मुफ्त दवाएं बांटने का काम शुरू किया है।

बागपत। जिलेभर में वायरल फीवर जोर पकड़ रहा है। 102 से 104 डिग्री तक का हाईग्रेड फीवर चल रहा है। इसके साथ दूसरी दिक्कतें भी हैं। पेट दर्द के साथ उल्टी, दस्त और जुकाम भी हो रहा है। कई मामलों में डेंगू और मलेरिया की जांच भी करानी पड़ रही है। सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में मेडिसिन विभाग फुल चल रहे हैं। अस्पतालों की ओपीडी में मरीजों की भीड़ जुटी रही। सबसे अधिक मरीज वायरल के साथ अन्य दिक्कतों वाले पहुंचे। यानी वायरल के साथ बारिश के मौसम वाला संक्रमण भी चल रहा है। गंदा या विषाक्त खाने से उल्टियां, पेट में दर्द और अपच के मामले भी बढ़े हैं।
कई दिनों तक बुखार न उतरने पर डाक्टर डेंगू या मलेरिया की आशंका भी जता रहे हैं। संदिग्ध मरीज के तौर पर इनकी जांच भी कराई जा रही है। हालांकि इक्का-दुक्का मामलों में ही मलेरिया सामने आ रहा है। अधिक समय तक बुखार वाले मरीजों में हीमोग्लोबिन की कमी भी निकल रही है। कुछ मरीजों में पीलिया भी पाया जा रहा है। बागपत, खेकड़ा, बड़ौत, पिलाना, डौला, बिनौली, छपरौली में संक्रामक रोग पैर पसार रहे हैं। यहां भी अधिकतर मरीज वायरल फीवर, खांसी और जुकाम के आ रहे हैं। गांवों में वायरल फीवर फैला हुआ है। इसके चलते स्वास्थ्य विभाग की टीमें कैंप लगाकर जांच कर लोगों को मुफ्त दवाएं वितरण कर रही हैं। आशंका होने पर डेंगू और मलेरिया की जांच भी कराई जा रही है। जानकारी के अभाव में ग्रामीण झोलाछापों के यहां भी चक्कर लगा रहे हैं।


