हत्यारोपी के मकान पर बुल्डोजर चलने के दौरान मचा हंगामा, सिर्फ पशुशाला ढहाने पर भड़के परिजन

हिन्दुस्तान, अमरोहा
Follow us on Google News
share

सुधांशु प्रजापति हत्याकांड में मंगलवार को गुलड़िया गांव में हंगामा हुआ। हत्यारोपी के मकान पर बुलडोजर कार्रवाई के दौरान मृतक के परिजनों ने पूरी इमारत गिराने की मांग की। महिलाएं बुलडोजर के सामने लेट गईं और मृतक के पिता ने पानी की टंकी पर चढ़कर विरोध जताया, जिससे तनाव बढ़ गया।

हत्यारोपी के मकान पर बुल्डोजर चलने के दौरान मचा हंगामा, सिर्फ पशुशाला ढहाने पर भड़के परिजन

सुधांशु प्रजापति हत्याकांड में मंगलवार को हत्यारोपी के मकान पर बुलडोजर कार्रवाई के दौरान गांव गुलड़िया में जमकर हंगामा हुआ। राजस्व टीम ने पैमाइश में ग्राम समाज की 60 गज जमीन पर बने अवैध निर्माण से सटी पशुशाला ढहा दी। इसे नाकाफी बताते हुए मृतक के परिजनों ने आरोपी का पूरा मकान गिराने की मांग शुरू कर दी। महिलाएं बुलडोजर के आगे लेट गईं, जबकि मृतक के पिता कीर्तिपाल नवनिर्मित पानी की टंकी पर चढ़ गए। उन्होंने पूरा मकान ध्वस्त किए जाने तक नीचे उतरने से इनकार कर दिया। तनाव बढ़ने पर चार थानों की फोर्स बुलानी पड़ी और देर रात पुलिस अधिकारियों ने कीर्तिपाल को समझाबुझाकर टंकी से नीचे उतारा मंगलवार सुबह एसडीएम सदर शशिभूषण पाठक और तहसीलदार परमानंद श्रीवास्तव के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम हत्यारोपी अरविंद का मकान ढहाने के लिए बुल्डोजर और दो जेसीबी लेकर गांव गुलड़िया पहुंची थी।

कार्रवाई के दौरान सुरक्षा

वहीं, दूसरी तरफ कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर सीओ नौगावां सादात अवधभान सिंह भदौरिया व सीओ मंडी धनौरा अंजलि कटारिया भी चार थानों की फोर्स के साथ मौके पर डटे थे। टीम ने बुल्डोजर लेकर हत्यारोपी अरविंद कुमार के मकान के पास बनी पशुशाला को जेसीबी से ध्वस्त करना शुरू कर दिया। डीएम डॉ.नितिन गौड़ के निर्देश पर कराई गई पैमाइश में मकान का ये ही 60 गज का हिस्सा ग्राम समाज की भूमि में बना पाया गया था। इसके बाद 10 अगस्त को गृहस्वामी ररामपाल सिंह को नोटिस जारी किया गया था। करीब 14 दिन बाद हुई कार्रवाई में टीम ने मकान से सटकर बनी पशुशाला को बुल्डोजर से ढहा दिया।

परिजनों का आक्रोश

इसके बाद सुधांशु के परिजन और ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा। परिजनों ने हत्यारोपी का पूरा मकान गिराने की मांग शुरू कर दी। विरोध में महिलाओं ने जेसीबी के आगे लेटकर कार्रवाई रोकने का प्रयास किया। इतना ही नहीं, जेसीबी के रास्ते में पेड़ डाल दिया। इसी बीच मृतक के पिता कीर्तिपाल गांव में ही बन रही सरकारी पानी की टंकी पर चढ़ गए। उन्होंने ऊपर से ही अधिकारियों से आरोपी का पूरा मकान गिराने की मांग की। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी उन्हें नीचे उतारने के लिए काफी देर तक समझाते रहे। अधिकारियों के आश्वासन के बाद कीर्तिपाल नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं हुए। स्थिति बिगड़ती देखते हुए दूसरे थानों से भी फोर्स बुला लिया गया। सुबह से लेकर शाम तक गांव में तनाव और गहमागहमी का माहौल बना रहा। देर रात तक आरोपी के मकान की दोबारा नापजोख का काम जारी था।

राज्यमंत्री की मौजूदगी में उठाता मामला

राज्यमंत्री की मौजूदगी में उठा था मकान के ग्राम समाज की भूमि पर बने होने का मुद्दा

अमरोहा। हत्या के दो दिन बाद पीड़ित परिवार से मिलने गुलड़िया पहुंचे राज्यमंत्री धर्मवीर सिंह की मौजूदगी में आरोपी के मकान के ग्राम समाज की भूमि पर बने होने का मामला उठा था। इसके बाद जिलाधिकारी डॉ.नितिन गौड़ ने राजस्व टीम से जमीन की जांच कराई। जांच में मकान का कुछ हिस्सा ग्राम समाज की भूमि में बना मिला। इसके बाद 10 अगस्त को गृहस्वामी को नोटिस जारी किया गया।

नोटिस के बाद कार्रवाई में देरी

नोटिस के बाद भी कार्रवाई में देरी से बढ़ता गया आक्रोश

अमरोहा। नोटिस जारी होने के बाद कार्रवाई में देरी को लेकर प्रजापति समाज में पहले से ही नाराजगी थी। समाज के लोगों का कहना था कि सिर्फ नोटिस जारी करना काफी नहीं है, बल्कि नियमानुसार तत्काल कार्रवाई भी होनी चाहिए। मंगलवार को बुल्डोजर पहुंचने पर परिजनों को बड़ी कार्रवाई की उम्मीद थी, लेकिन सिर्फ पशुशाला ढहाए जाने के बाद उनका आक्रोश और बढ़ गया, नतीजा कीर्तिपाल के पानी की टंकी पर चढ़ते ही गांव में भीड़ जुटती चली गई।

सूचना के दौरान राजनीति का हस्तक्षेप

बोले बलराज : लाठीचार्ज किया तो प्रदेश के हर जिले में जाम लगवा दूंगा

अमरोहा। सुधांशु हत्याकांड को लेकर मंगलवार को सियासत भी गरमाई रही। बुल्डोजर कार्रवाई के बीच सुहेल देव भारतीय समाज पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष बलराज प्रजापति भी पार्टी कार्यकर्ताओं को लेकर गांव गुलड़िया पहुंच गए और पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने की मांग को लेकर जिला प्रशासन पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने कहा, हमारे समाज का बेटा चला गया और जिला प्रशासन बुल्डोजर कार्रवाई की रस्म निभा रहा है। पूरा मकान ढहाए जाने को लेकर उनकी सीओ मंडी धनौरा अंजलि कटारिया से तीखी नोकझोंक भी हुई। प्रजापति ने कहा हम कानून के साथ हैं, लेकिन हमें उग्र होने के लिए मजबूर किया जा रहा है।

अधिकारियों के साथ टंकी पर चढ़ना

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार को इंसाफ नहीं मिलता है तो प्रदेश के हर जिले में जाम लगा दूंगा। लाठीचार्ज करने या फिर धमकी देने पर अंजाम ठीक नहीं होने की चेतावनी भी दी। दूसरी तरफ बयानबाजी के बीच दोनों ओर भीड़ जुटने से टकराव की आशंका भी बनी रही, बिगड़ती इस स्थिति को संभालने के लिए गांव चार थानों का फोर्स बुलाना पड़ा।

कीर्तिपाल को समझाते हुए अधिकारी

टंकी पर चढ़े कीर्तिपाल को समझाते-समझाते थके एसडीएम और तहसीलदार, खेत में ही बैठे

अमरोहा। हत्यारोपी अरविंद के पूरे मकान को बुल्डोजर से ध्वस्त कराने और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मृतक सुधांशु के पिता कीर्तिपाल पानी की टंकी पर चढ़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। सदर एसडीएम शशि भूषण पाठक, तहसीलदार परमानंद श्रीवास्तव और सीओ अवधभान भदौरिया मौके पर पहुंचे। अफसरों ने कीर्तिपाल को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांगों पर अड़े रहे। काफी देर तक समझाने के बाद एसडीएम और तहसीलदार भी थक गए और आखिरकार पास के खेत में ही बैठ गए।

हत्या का घटनाक्रम

सुधांशु की हत्या से जुड़ा ये था पूरा घटनाक्रम

अमरोहा। दरअसल बीती नौ अगस्त को 60 हजार रुपये के विवाद में गुलड़िया निवासी अरविंद कुमार ने गांव के ही सुधांशु प्रजापति की सरेराह सीने में गोली मारकर हत्या कर दी थी। आरोप है कि अरविंद पर सुधांशु के 60 हजार रुपये उधार थे, जिसका वह सुधांशु की सीमेंट की दुकान से सामान लेकर आया था जबकि अरविंद का कहना था कि सुधांशु ने उससे कुछ पैसे ब्याज पर लिए थे, सामान के पैसे ब्याज में कट गए हैं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद था। हत्या के मामले में सुधांशु के पिता कीर्तिपाल की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी अरविंद समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। अरविंद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था。

ग्राम समाज की जमीन पर बना घर

ग्राम समाज की जमीन पर बना है आरोपी के मकान से सटा 60 गज का हिस्सा

अमरोहा। 13 अगस्त को की गई राजस्व विभाग की पैमाइश में आरोपी के मकान का लगभग 60 गज हिस्सा ग्राम समाज की जमीन में बना मिला था। नियमानुसार मंगलवार को राजस्व विभाग की टीम व पुलिस सुबह 11 बजे गांव पहुंच गई तथा अवैध निर्माण ध्वस्त करा दिया। इसी बीच मृतक सुधांशु के पिता कीर्तिपाल सिंह दोपहर एक बजे गांव में बनी पानी की टंकी पर चढ गए तथा आरोपी का सारा मकान ध्वस्त कराने की मांग की। मकान ध्वस्त नहीं किए जाने पर टंकी से कूद कर आत्महत्या की चेतावनी से अफसरों में खलबली मच गई। देर शाम तक पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी उन्हें समझा कर नीचे उतारने का प्रयास कर रहे थे।

सुधांशु के पिता द्वारा आरोपी अरविंद के संपूर्ण मकान को ध्वस्त किए जाने की मांग की गई, जिसे लेकर मृतक के पिता कीर्तिपाल द्वारा नवनिर्मित पानी की टंकी पर चढ़कर विरोध किया जाने लगा, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उन्हें समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास कर रहे हैं। मौके पर पर्याप्त पुलिस बल, फायर टेंडर मौजूद है। गांव में कानून एवं शांति व्यवस्था सामान्य है।

लखन सिंह यादव, एसपी

सामान्य प्रश्न

क्या हुआ था गुलड़िया गांव में?
गुलड़िया गांव में सुधांशु प्रजापति हत्याकांड के मामले में हत्यारोपी के मकान पर बुलडोजर कार्रवाई के दौरान हंगामा हुआ।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsहत्यारोपी के मकान पर बुल्डोजर चलने के दौरान मचा हंगामा, सिर्फ पशुशाला ढहाने पर भड़के परिजन