संपत्ति विवाद में बेटे ने मां को सीढ़ी से ढकेला, दोनों पैर फ्रैक्चर
प्रयागराज के करेली में संपत्ति विवाद के चलते बुजुर्ग दंपती पर उनके बेटे और बहु ने हमला किया। बेटे विकास ने मां को सीढ़ियों से धक्का देकर गंभीर चोट पहुँचाई। दोनों के पैर फ्रैक्चर हो गए। बीच-बचाव करने आए अन्य बेटों को भी पीटा गया और कारों में तोड़फोड़ की गई। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद है।

प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता। करेली के शास्त्री नगर में संपत्ति विवाद को लेकर बेटे और बहू पर बुजुर्ग दंपती व उनके दो बेटों से मारपीट करने का आरोप लगा है। आरोप है कि बेटे ने मां से मारपीट कर सीढ़ियों से नीचे ढकेल दिया। हादसे में उनके दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए और सिर में गंभीर चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंचे दो बेटों को भी पीटा गया। आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी थार और स्कॉर्पियो में भी तोड़फोड़ की। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात कही गई है। शास्त्री नगर निवासी संतराम ने करेली थाने में तहरीर देकर बताया कि मकान उनकी स्वअर्जित संपत्ति है।
इसी को लेकर बेटे विकास सोनकर और बहू नंदिनी से विवाद चल रहा है। उनके खिलाफ पहले भी मुकदमे दर्ज हैं और बेदखली का वाद भी दाखिल किया गया है। 27 सितंबर को विकास और नंदिनी घर में घुस आए और गालीगलौज करने लगे। आरोप है कि विकास ने अपनी मां से मारपीट कर सीढ़ियों से नीचे गिरा दिया। इससे उनके दोनों पैर टूट गए और सिर में गंभीर चोट आई। बचाव में पहुंचे बेटे अविनाश सोनकर उर्फ जानू को भी सीढ़ी से नीचे धकेलने का आरोप है। छोटे बेटे सचिन देव सोनकर के साथ भी मारपीट की गई। संतराम का आरोप है कि नंदिनी ने अपनी बहन रागिनी सोनकर को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद विकास छत से कूदकर गली में भाग गया। आरोप है कि विकास और नंदिनी ने घर के बाहर खड़ी थार और स्कॉर्पियो में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस को दी तहरीर में संतराम ने सीसीटीवी फुटेज का भी उल्लेख किया है। करेली पुलिस तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


