रसूलाबाद में खूनी संघर्ष के मामले में 23 लोगों पर रिपोर्ट
रसूलाबाद गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुए खूनी संघर्ष में पुलिस ने 23 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। एक पक्ष की तहरीर पर 12 और दूसरे पक्ष की तहरीर पर 11 नामजद किए गए हैं। घटना में 11 लोग घायल हुए, जिनमें से दो की हालत गंभीर है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
तालग्राम, संवाददाता। रसूलाबाद गांव में पुरानी रंजिश को लेकर गुरुवार सुबह हुए खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर कुल 23 लोगों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। एक पक्ष की तहरीर पर 12 नामजद, जबकि दूसरे पक्ष की तहरीर पर 11 नामजद और दो अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया गया है। घटना में दोनों पक्षों के कुल 11 लोग घायल हुए थे, जिनमें दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया। थाना क्षेत्र के रसूलाबाद गांव निवासी फिरदौश अली पुत्र मुस्ताक अली ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि गांव का माजिद पुत्र मुख्तयार सट्टा लगाने का काम करता है।
सट्टे का विरोध करने के कारण दोनों पक्षों के बीच काफी समय से रंजिश चली आ रही है। आरोप है कि दो अगस्त की रात माजिद ने अपने चाचा वसीम के माध्यम से चारपाई में आग लगवाकर उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश रची थी, लेकिन सीसीटीवी फुटेज में सच्चाई सामने आने से उसकी योजना विफल हो गई। इसके बाद से वह और अधिक रंजिश रखने लगा। तहरीर के अनुसार छह अगस्त की सुबह फिरदौश का छोटा भाई मुजफ्फर अली अपने चचेरे भाई हाशिम उर्फ पप्पू को बुलाने गया था। इसी दौरान माजिद पुत्र मुख्तयार, साबिर पुत्र मुख्तयार, कादिर पुत्र मुख्तयार, शाकिर मुल्ला पुत्र बत्तू, आबिद पुत्र अनवर, उमर पुत्र माजिद, अजीम पुत्र नसीम, आकिब पुत्र कासिम उर्फ गंठी, कासिम पुत्र यासीन, मुन्ना पुत्र वाजिद तथा साजिद के दामाद समेत अन्य लोग लाठी-डंडे, सरिया, रॉड और हॉकी लेकर पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य लोगों पर भी हमला कर दिया गया। मारपीट में मुजफ्फर अली, ताहिर अली और वादी फिरदौश अली समेत कई लोग घायल हो गए। आरोप है कि अनवर पुत्र माजिद ने फरसे से मुजफ्फर अली के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया। तहरीर में मोटरसाइकिल और ट्रैक्टर में तोड़फोड़ तथा ईंट-पत्थर चलाकर दहशत फैलाने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने इस तहरीर के आधार पर माजिद पुत्र मुख्तयार, साबिर पुत्र मुख्तयार, कादिर पुत्र मुख्तयार, शाकिर मुल्ला पुत्र बत्तू, आबिद पुत्र अनवर, उमर पुत्र माजिद, अजीम पुत्र नसीम, आकिब पुत्र कासिम उर्फ गंठी, कासिम पुत्र यासीन, मुन्ना पुत्र वाजिद, साजिद के दामाद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, दूसरे पक्ष से अंजुम पुत्र माजिद की तहरीर पर पुलिस ने इंतजार पुत्र मुस्ताक अली, ताहिर अली पुत्र मुस्ताक अली, फिरदौश अली पुत्र मुस्ताक अली, मुन्ना पुत्र मुस्ताक अली, ननकू पुत्र मुस्ताक अली, अली मोहम्मद पुत्र करी मुल्ला, हसीम पुत्र करी मुल्ला, लड़िक पुत्र हकी मुल्ला, रियाज पुत्र अबरार, महबूब पुत्र अबरार, गुड्डू पुत्र शमीम तथा दो-तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ भी विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी निरीक्षक रंजना पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मेडिकल रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और विवेचना के आधार पर निष्पक्ष जांच करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


