केरलम : यूथ कांग्रेस और एसएफआई के कार्यकर्ता भिड़े
हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में एक विश्वविद्यालय के पास यूथ कांग्रेस और एसएफआई कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प में पत्थरबाजी और जलती मशालें फेंकी गईं। पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल करके स्थिति को नियंत्रित किया। यह घटना मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर यूथ कांग्रेस के मार्च के बाद शुरू हुई।

तिरुवनंतपुरम, एजेंसी। केरलम की राजधानी स्थित एक विश्वविद्याल में पुरुषों के छात्रावास के नजदीक यूथ कांग्रेस और एसएफआई कार्यकर्ताओं के बीच बुधवार की शाम जबरदस्त झड़प हुई। इस दौरान दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर पत्थर और जलती मशालें फेंकीं। इस बीच, दोनों पक्ष को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज कर आंसू गैस का इस्तेमाल किया। इस दौरान पुलिस पुरुष छात्रावास के अंदर पहुंच गई थी। मामला तब शुरू हुआ जब यूथ कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर एजी ऑफिस की ओर मार्च निकाला। मार्च विश्वविद्यालय कॉलेज हॉस्टल के सामने पहुंचा तो दोनों गुटों के बीच पत्थरबाजी और जलती मशालें फेंकने की घटना हो गई।
ऐसे में पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा।

