पीआरवी टीम पर हमले में एक आरोपित गिरफ्तार
डायल-112 की टीम पर अमरसिंह पुरवा गांव में दबंगों ने हमला किया, जिसमें एक सिपाही और होमगार्ड घायल हो गए। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और मुख्य आरोपित रामदीन को गिरफ्तार कर लिया है।

रूरा, संवाददाता। थाना क्षेत्र के अमरसिंह पुरवा गांव में मारपीट की सूचना पर गांव पहुंची डायल-112 की टीम पर दबंगों ने लाठी डंडों से हमला करने के साथ पथराव कर दिया। इसमे पीआरवी का सिपाही व होमगार्ड घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल सिपाही को उपचार के लिए सीएचसी भेजा। इसके साथ ही मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर अन्य की तलाश में छापेमारी शुरू की है।
गांव में हिंसा
अमरसिंह पुरवा गांव के रहने वाले भूरा सिंह के साथ गुरूवार शाम को कुछ लोगों ने मारपीट कर दी। उसकी पुत्री दुर्गा ने डायल- 112 पर पड़ोसियों पर मारपीट करने की सूचना दी थी।इस पर पीआरपी सिपाही प्रेमराज शक्य व होमागार्ड देवेंद्र दुबे ने गांव पहुंचकर छानबीन शुरू की। इसी बीच दूसरे पक्ष के रामदीन व उनके समर्थकों ने पीआरवी टीम पर लाठी डंडों से हमला करने के साथ पथराव किया। इसमें सिपाही व होमगार्ड गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर एसओ रूरा सुधीर भारद्वाज पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे और घायल सिपाही व होमगार्ड को उपचार के लिए सीएचसी रूरा भेजा। इसके साथ ही मुख्य आरोपित रामदीन को हिरासत में ले लिया। एसओ रूरा ने बताया कि घायल सिपाही की तहरीर पर रामदीन उसकी पत्नी प्रियंका व तीन अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मारपीट करने, सरकारी काम में बाधा डालने आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। रामदीन को गिरफ्तार कर अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।


