सीट पर बैठने को लेकर विवाद के बाद ट्रेन पर पत्थरबाजी
वाराणसी में सीट पर बैठने के विवाद में बनारस-प्रयागराज रामबाग मेमू ट्रेन पर पथराव हुआ। चार आरोपियों को जीआरपी द्वारा जेल भेजा गया। विवाद के दौरान महिलाओं पर कागज फेंकने और पथराव की घटनाएं हुईं। जीआरपी ने वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की और गिरफ्तारी की।

वाराणसी, कार्यालय संवाददाता। सीट पर बैठने के विवाद में बनारस-प्रयागराज रामबाग मेमू ट्रेन पर शुक्रवार को पथराव हुआ था। अहिमनपुर हाल्ट स्टेशन पर हुई घटना में पकड़े गए चार आरोपियों को जीआरपी, कैंट ने रविवार को जेल भेज दिया। 28 अगस्त को बनारस से प्रयागराज रामबाग जा रही मेमू ट्रेन में सीट पर बैठने को लेकर यात्रियों में विवाद हो गया। आरोप है कि ट्रेन में सवार महिलाओं पर कागज के टुकड़े भी फेंके गए। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के युवकों ने फोन करके अहिमनपुर हाल्ट पर अपने साथियों को बुला लिया। ट्रेन के पहुंचते ही इन लोगों ने पथराव कर दिया। इससे ट्रेन के शीशे टूट गए थे और यात्रियों में दहशत फैल गई थी। किसी यात्री ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। इसके बाद जीआरपी और आरपीएफ आरोपियों की तलाश में जुट गईं और छह लोगों को गिरफ्तार किया।
जीआरपी की कार्रवाई
जीआरपी, कैंट थाने में रविवार को पत्रकारों से बातचीत में सीओ कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि वीडियो फुटेज और लोकल इनपुट के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। पकड़े गए आदर्श कुमार प्रजापति, अभिषेक प्रजापति, कृष्ण कुमार यादव और आदित्य कुमार गुप्ता भदोही जिले के निवासी हैं। सीओ ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने यात्रियों से सीट को लेकर विवाद के बाद गुस्से में पथराव की बात कबूली है। बालिग आरोपियों को जेल भेज दिया गया है, जबकि दोनों नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा गया है। सीओ ने यात्रियों से अपील की है कि ऐसी घटना पर तुरंत 139 पर सूचना दें。
फोटो
फोटो: जीआरपी 01: जीआरपी, कैंट थाने में मेमू ट्रेन पर पथराव करने वाले आरोपियों के बारे में रविवार को जानकारी देते सीओ कुंवर प्रभात सिंह।


