सगे भाइयों की पिटाई मामले में मुकदमा
हिन्दुस्तान, कौशाम्बी
उत्तर प्रदेश के चरवा उत्तर थोक में, राहुल कुमार सरोज ने आरोप लगाया कि उसके भाई अनिकेत की पड़ोसी से मामूली बहस के बाद जातिसूचक शब्दों के साथ पिटाई की गई। इसमें अनिकेत और राहुल को गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने एससी-एसटी अधिनियम समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी है।

चरवा उत्तर थोक निवासी राहुल कुमार सरोज ने बताया कि छह सितंबर को उसका भाई अनिकेत शौच के लिए बाग की तरफ गया था। वहां पड़ोसी कल्लू पांडेय से मामूली बात को लेकर उसकी कहासुनी हुई थी। पीड़ित के मुताबिक, इसका उलाहना देने जाने पर आरोपी ने अपने भाई प्रभात पांडेय व इंद्रप्रकाश पांडेय के साथ मिलकर गाली देना शुरू कर दिया। विरोध करने पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए दोनों भाइयों की पिटाई की। इससे उनको गंभीर चोटें आईं। मामले की शिकायत पर एससी-एसटी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा कायम कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।


