अभाविप और आजसू के छात्रों को झामुमो ने खदेड़-खदेड़कर पीटा
गिरिडीह में जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा की सीबीआई जांच की मांग को लेकर अभाविप ने मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने का प्रयास किया। झामुमो कार्यकर्ताओं ने विरोध किया, जिससे मारपीट और बवाल हुआ। पुलिस ने घटना के बाद भीड़ को तितर-बितर किया। भाजपा ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया।

गिरिडीह, प्रतिनिधि। जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा रद्द किए जाने के मामले को कोर्ट द्वारा स्टे लगाने के बाद जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा की सीबीआई जांच की मांग को लेकर शुक्रवार शाम अभाविप और आजसू छात्र संघ के लोग मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने झंडा मैदान में एकत्रित हुए थे।
घटना का विकास
इधर एमएमडीआर संशोधन बिल पारित किए जाने के विरोध में शहर में झामुमो का प्रतिवाद मार्च भी था। इस बीच काफी संख्या में झामुमो के कार्यकर्ता झंडा मैदान पहुंच गए और सीएम का पुतला दहन की तैयारी कर रहे छात्रों के साथ नोंक-झोंक हुई और उन सबको खदेड़-खदेड़कर पीटा भी। घटना के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को तितर -बितर किया। छात्रों को खदेड़ते और मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वायरल वीडियो में झामुमो के कार्यकर्ता पुतला छीनते और छात्रों को दौड़ाते और डंडे से पीटते नजर आ रहे थे। घटना के बाद झंडा मैदान में सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव भी पहुंचे और स्थिति को संभाला। अभाविप के कार्यकताओं ने बताया कि वे लोग लोकतांत्रिक तरीके से सीएम का पुतला दहन की तैयारी में थे। लगभग 10 की संख्या में वे लोग थे। और छात्र आनेवाले थे। इस बीच 100 से अधिक की संख्या में झामुमो के कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए पहुंच गए और खदेड़कर मारपीट की। कुछ झामुमो कार्यकर्ताओं के पास डंडे भी थे। बताया कि मारपीट में मंटू मुर्म, अनीश रॉय, अक्षय यादव आदि लोगों को चोट लगी है।
भाजपा की प्रतिक्रिया
मारपीट की घटना दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय: भाजपा गिरिडीह महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार राय ने कहा कि छात्र शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज़ उठाने और मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने के लिए झंडा मैदान में एकत्रित हुए थे। इसी दौरान जेएमएम के नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा छात्रों के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई है, जिसमें कई छात्र घायल हुए हैं। मारपीट की घटना दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। लोकतंत्र में सरकार के खिलाफ आवाज उठाना और विरोध प्रदर्शन करना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। असहमति का जवाब लाठी, हिंसा और मारपीट से देना किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता। प्रशासन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान और कार्रवाई करें।

