विनीता फर्त्याल डीसीबी प्रबंध कमेटी की चौथी बार बनीं संचालक
भाजपा महिला मोर्चा की कुमाऊं मंडल सह संयोजक विनीता फर्त्याल को पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक लिमिटेड की प्रबंध कमेटी का निर्विरोध संचालक चुना गया है। यह उनका चौथा कार्यकाल है। पिथौरागढ़ एवं चम्पावत जिलों के सभी विकासखंडों के संचालक भी निर्विरोध चुने गए। चुनाव 10 और 11 सितंबर को आयोजित होंगे।

सतीश जोशी, चम्पावत। भाजपा महिला मोर्चा की कुमाऊं मंडल सह संयोजक और बाराकोट की पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनीता फर्त्याल पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक लिमिटेड प्रबंध कमेटी की निर्विरोध संचालक बनीं। वे चौथी बार बैंक की प्रबंध कमेटी की संचालक निर्वाचित हुईं हैं। इसके अलावा वर्ष 2004 में विनीता फर्याल पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक की उपाध्यक्ष भी रह चुकी हैं। निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक संचालक की 13 सीटों में से आठ में निर्विरोध निर्वाचन हो गया है। पिथौरागढ़ और चम्पावत जिलों को कवर करने वाले पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक लिमिटेड पिथौरागढ़ की प्रबंध कमेटी में कुल 13 संचालक हैं। 12 विकासखंड से एक-एक सीट के अलावा एक सीट विशेष समितियों की है।
13 संचालकों में से चम्पावत जिले के सभी चारों विकासखंडों के संचालक निर्विरोध रूप से चुने गए हैं। बाराकोट से भाजपा के प्रदेश मंत्री नरेंद्र मोहन सिंह माहरा (निर्मल माहरा), पाटी से निर्मला गहतोड़ी और लोहाघाट से देवेंद्र प्रताप सिंह संचालक निर्वाचित हुए हैं। इसके अलावा पिथौरागढ़ जिले की गंगोलीहाट सीट से रश्मि धानिक, डीडीहाट से रूपा बोरा, धारचूला से जयंती देवी और पिथौरागढ़ से उमेश सिंह महर निर्विरोध चुने गए हैं। संचालक के चुनाव 10 सितंबर को और अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और प्रदेश प्रतिनिधि का चुनाव 11 सितंबर को होगा।


