ग्राम रोजगार सेवकों ने उठाईं मांगें, सीएम को भेजा पत्र
ग्राम रोजगार सेवक संघ, बहराइच ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर अपनी मांगों का निपटारा करने की अपील की है। संघ ने कहा कि रोजगार सेवक पिछले 20 वर्षों से पंचायतों में कार्यरत हैं और उनकी मांगों में मानदेय बढ़ाने, कैशलेस इलाज की सुविधा, और विशेष बजट की व्यवस्था शामिल हैं।

मिहींपुरवा। ग्राम रोजगार सेवक संघ जनपद बहराइच ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है। संघ की ओर से दिए गए मांग पत्र को क्षेत्रीय विधायक बलहा सरोज सोनकर ने मुख्यमंत्री को अग्रसारित करते हुए शीघ्र संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया है। ग्राम रोजगार सेवक संघ के पदाधिकारियों ने पत्र में कहा है कि रोजगार सेवक पिछले करीब 20 वर्षों से ग्राम पंचायतों में कार्य करते हुए सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत भी ग्राम पंचायतों में श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने में रोजगार सेवकों की अहम भूमिका है।
संघ ने 4 अक्टूबर 2024 को मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं को पूरा करने, रोजगार सेवकों को कैशलेस इलाज की सुविधा देने तथा न्यूनतम 24 हजार रुपये मानदेय किए जाने की मांग उठाई है। इसके साथ ही मानदेय के भुगतान के लिए पृथक बजट की व्यवस्था किए जाने की मांग की गई है। विधायक सरोज सोनकर ने सीएम को पत्र भेजा है।


