रोजगार सेवकों ने विधायक को सौंपा ज्ञापन, 24 हजार मानदेय की मांग
तरबगंज में ग्राम रोजगार सेवक ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा है। सेवकों ने मांग की है कि उन्हें उचित मानदेय, सामाजिक सुरक्षा और बकाया राशि का भुगतान किया जाए। विधायक ने उनकी समस्याओं को सुनकर मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

तरबगंज (गोंडा). संवाददाता। तहसील तरबगंज में ग्राम रोजगार सेवक एकता मंच के बैनर तले रोजगार सेवकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित आठ सूत्रीय ज्ञापन विधायक प्रेम नरायन पाण्डेय को सौंपा। ज्ञापन में सेवकों ने कहा कि मनरेगा योजना के सफल संचालन में ग्राम रोजगार सेवक ग्रामीण स्तर पर आधारभूत भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन अल्प व अनिश्चित मानदेय और सामाजिक सुरक्षा के अभाव में आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। वित्तीय वर्ष 2020 से 21 से अब तक का बकाया मानदेय तत्काल दिया जाए। प्रतिमाह 24 हजार रुपये सम्मानजनक मानदेय दिया जाए। एच.आर. पॉलिसी लागू की जाए। पृथक बजट से भुगतान की व्यवस्था हो।
पदनाम बदलकर "ग्राम विकास सहायक" किया जाए। अतिरिक्त कार्य के लिए प्रोत्साहन व भत्ता दिया जाए। लंबित ईपीएफ का भुगतान हो। मुख्यमंत्री द्वारा घोषित प्रतिवर्ष 10 फीसदी मानदेय वृद्धि तत्काल लागू की जाए। विधायक प्रेम नरायन पाण्डेय ने ज्ञापन लेकर सेवकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाकर जल्द निस्तारण कराया जाएगा। इस मौके पर गिरजेश पांडेय, सुनील मिश्र, अखिल तिवारी, संजय श्रीवास्तव, लक्ष्मण पांडेय, सुधीर कुमार पांडेय, दिवाकर सिंह, दिलीप कुमार, स्वामीनाथ यादव, प्रतिभा पांडेय, सहदेव यादव, विजय कुमार, गंगा प्रसाद यादव, राजकुमार शुक्ला, महेश कुमार, दयाशंकर, तिलकराम, अर्जुन कुमार गौड़, कृष्ण कुमार, जगन्नाथ वर्मा, आशीष, मनीष कुमार, संतोष कुमार व नरेन्द्र कुमार सहित समस्त ग्राम रोजगार सेवक मौजूद रहे।

