मेरठ में विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद का आगाज
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद का आयोजन मेरठ में हुआ। इस कार्यक्रम के अंतर्गत युवाओं को राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का अवसर मिलेगा। विभिन्न प्रतियोगिताओं जैसे क्विज़, निबंध, और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। युवा इस कार्यक्रम में पंजीकरण कर सकते हैं।

मेरठ। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद का आयोजन किया जा रहा है। इसके माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सहभागिता का मंच मिलने जा रहा है। इस संवाद कार्यक्रम को लेकर जिले का प्रभारी सीडीओ नूपुर गोयल को बनाया गया है। विकास भवन सभागार में डीएम डॉ.वीके सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान सीडीओ नूपुर गोयल और जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार भी उपस्थित रहे। उन्होंने इस बार मेरठ और उत्तर प्रदेश को ‘गंगा ग्रोथ बेल्ट’ के अंतर्गत शामिल किया गया है।
इस अभियान के तहत डेमोग्राफिक डिविडेंड (जनसांख्यिकी लाभांश) और ह्यूमन कैपिटल डेवलपमेंट (मानव पूंजी विकास) प्रमुख विषय होंगे, जिनका मुख्य उद्देश्य युवाओं को केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित न रखकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाना है। युवाओं के लिए विभिन्न ट्रैक के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा, जिनमें मुख्य रूप से क्विज और निबंध प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक प्रतिभाएं (लोक नृत्य, लोक गीत, चित्रकला, भाषण और कविता लेखन), इनोवेशन और स्टार्टअप आइडिया, यूथ पार्लियामेंट आदि का आयोजन होगा। 30 सितंबर 2026 तक विकसित भारत क्विज होंगे, जबकि जिला चैंपियनशिप नवंबर में और राज्य स्तरीय चरण दिसंबर में होगा। राष्ट्रीय स्तर का संवाद 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। मेरठ के पात्र युवाओं से माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण कर अभियान से जुड़ने की अपील की गई है। डीएम ने इस अवसर पर विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद का पोस्टर लांच किया। उन्होंने अपील की कि 15 से 29 वर्ष के युवा इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक शामिल हों।


