ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता के कार्यालय पर निगरानी की छापेमारी
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता चंद्रशेखर सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में बिहार के तीन जिलों और पश्चिम बंगाल में चार ठिकानों पर छापेमारी की। अन्य ठिकानों से नकदी, आभूषण और संपत्ति के दस्तावेज मिलने की सूचना है। प्रारंभिक आकलन में ज्ञात आय से करीब 80 प्रतिशत अधिक संपत्ति का आरोप है।

आय से अधिक संपत्ति का मामला, चार ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई लाखों रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और संपत्ति के दस्तावेज मिलने की सूचना फोटो 29 छापेमारी करते विजिलेंस के डीएसपी और टीम में शामिल सदस्य छपरा, हमारे संवाददाता। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की अलग-अलग टीमों ने गुरुवार को बिहार के तीन जिलों और पश्चिम बंगाल में एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई ग्रामीण कार्य विभाग के जांच एवं गुणवत्ता, सारण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता चंद्रशेखर सिंह के खिलाफ दर्ज आय से अधिक संपत्ति के मामले में की गई। छपरा शहर के टाउन थाना क्षेत्र स्थित राजेंद्र सरोवर के पास उनके कार्यालय में भी निगरानी की टीम पहुंची और करीब दो घंटे तक जांच-पड़ताल की। हालांकि, छपरा स्थित कार्यालय से कोई खास आपत्तिजनक सामग्री मिलने की सूचना नहीं है। निगरानी की टीम ने कार्यालय में उपलब्ध फाइलों, विभागीय अभिलेखों और संबंधित कागजात की बारीकी से जांच की। कार्रवाई के दौरान कार्यालय में वीडियोग्राफी भी कराई गई। छपरा में छापेमारी करने पहुंची टीम में डीएसपी शशि शेखर, डीएसपी अशोक कुमार, इंस्पेक्टर शशिकांत शर्मा समेत आठ सदस्य शामिल थे। जांच के बाद संबंधित जीप को सील किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि, जीप को सील करने के कारणों के संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी है।

