विद्या विकास समिति झारखंड ने सर्वाधिक पुरस्कार प्राप्त कर जीता ओवरऑल चैंपियन का खिताब
विद्या विकास समिति झारखंड ने सर्वाधिक पुरस्कार प्राप्त कर जीता ओवरऑल चैंपियन का खिताब -- तीन दिवसीय क्षेत्रीय विज्ञान-गणित मेला का हुआ समापन रामगढ़

विद्या विकास समिति झारखंड ने सर्वाधिक पुरस्कार प्राप्त कर जीता ओवरऑल चैंपियन का खिताब -- तीन दिवसीय क्षेत्रीय विज्ञान-गणित मेला का हुआ समापन
रामगढ़, प्रतिनिधि।
रामप्रसाद चंद्रभान सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, रामगढ़ में आयोजित तीन दिवसीय क्षेत्रीय विज्ञान-गणित मेला का बुधवार को समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विद्या भारती के अखिल भारतीय मंत्री ब्रह्मा जी राव उपस्थित रहे। उनके साथ क्षेत्रीय संगठन मंत्री ख्यालीराम तथा विद्या विकास समिति के प्रदेश सचिव नकुल कुमार शर्मा जी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुतियां
तीन दिनों तक चले इस क्षेत्रीय आयोजन में झारखंड एवं बिहार के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्रों ने विज्ञान एवं गणित से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने मॉडल, प्रयोग एवं परियोजनाएं प्रस्तुत कीं। समापन के अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि विज्ञान एवं गणित केवल पाठ्यक्रम का विषय नहीं, बल्कि जीवन को समझने और समस्याओं का समाधान खोजने का माध्यम है।
आगे की प्रतियोगिता
बताया गया कि प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों का चयन अखिल भारतीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है। अखिल भारतीय स्तर पर देशभर से चयनित प्रतिभाशाली बाल वैज्ञानिक एवं गणितज्ञ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। क्षेत्रीय विज्ञान-गणित मेले की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि यह रही कि सर्वाधिक पुरस्कार प्राप्त कर विद्या विकास समिति, झारखंड ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब हासिल किया।
फोटो 31: क्षेत्रीय विज्ञान-गणित मेला में विजेताओं को सम्मानित करतें अतिथि

