दिल्ली हिंसा के दौरान पुलिस टीम पर टूट पड़े थे लोग, घायल ASP बोले- भीड़ मार देती न होती 4 फीट की रेलिंग
दिल्ली हिंसा का एक वीडियो वायरल हो गया है। इस वायरल वीडियो में 24 फरवरी को हिंसा के दौरान उपद्रवी पुलिस टीम पर हमला करते नजर आ रहे हैं। इस हमले में डीसीपी अमित शर्मा, एसपी अनुज शर्मा और सिपाही रतन...

दिल्ली हिंसा का एक वीडियो वायरल हो गया है। इस वायरल वीडियो में 24 फरवरी को हिंसा के दौरान उपद्रवी पुलिस टीम पर हमला करते नजर आ रहे हैं। इस हमले में डीसीपी अमित शर्मा, एसपी अनुज शर्मा और सिपाही रतन लाल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सिपाही रतन लाल की गोली लगने से मौत हो गई थी, जबकि डीसीपी का उपचार चल रहा है। एसीपी अनुज शर्मा की हालत में भी सुधार हो रहा है।
इस हिंसा में घायल एसीपी अनुज शर्मा ने बताया कि अगर वह चांदबाग से चार फुट ऊंची रेलिंग फांदकर यमुना विहार की सर्विस लेन की ओर न जाते तो शायद उग्र भीड़ का शिकार बन जाते। आपको बता दें कि दिल्ली पुलिस कमिशनर एसएन श्रीवास्तव ने बुधवार रात घायल एसीपी अनुज शर्मा के घर जाकर मुलाकात की।
गौरतलब है कि 24 फरवरी को हिंसा के दौरान चांद बाग इलाके में भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया था। गोकुलपुरी के एसीपी अनुज ने कमिश्नर को बताया कि 23 फरवरी को चांदबाग में प्रदर्शनकारियों ने रात में वजीराबाद रोड को बंद कर दिया था। किसी तरह उस दिन रोड को खुलवा दिया गया। इस बीच अगले दिन दोबारा सड़क बंद कर दी गई। सुबह करीब 11:30 बजे वह, डीसीपी अमित शर्मा व सिपाही समेत 200 पुलिसकर्मी वहां मौजूद थे। रास्ता खुलवाने की बातचीत चल रही थी। इसी दौरान किसी ने अफवाह उड़ा दी कि पुलिस की गोली से महिलाओं व बच्चों की मौत हो गई है। इसके बाद भीड़ अचानक उग्र हो गई। भीड़ ने पुलिसकर्मियों को घेरकर उन पर पथराव शुरू कर दिया।
हमले में रतनलाल, डीसीपी अमित शर्मा व अनुज कुमार जख्मी हो गए। अनुज ने बताया कि अगर वह चांदबाग से मजार की ओर जाते तो शायद भीड़ के हाथों मारे जाते। लेकिन, उन्होंने चार फुट ऊंची रेलिंग फांदकर यमुना विहार की सर्विस लेने की ओर जाने का फैसला किया। इस बीच भीड़ लगातार उनका पीछा कर हमला करती रही। हमले के बाद वह सभी को एक मकान में ले गए। रतन के सिर से खून बह रहा था। उसे एक निजी गाड़ी से अस्पताल भेजा गया। वहीं अमित शर्मा को पहले नजदीकी नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत होने पर उन्हें फौरन मैक्स ले जाया गया। इस दौरान घायल अनुज कुमार खुद उनके साथ रहे। हमले के बाद अनुज को इलाज के बाद छुट्टी मिल गई। वहीं, अमित शर्मा अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं।
भजनपुरा : वायरल वीडियो 24 फरवरी का है। इसमें उपद्रवी भजनपुरा के दिल्ली डीजल्स पेट्रोल पंप पर आग लगाते नजर आ रहे हैं। इस दौरान पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारियों ने चारदीवारी से पीछे की छत पर चढ़कर अपनी जान बचाई थी। पेट्रोल पंप के आसपास मौजूद गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया था। मामला दर्ज कर पुलिस ने अबतक 21 लोगों से पूछताछ की है। अभी मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
मौजपुर चौक : वायरल वीडियो में 24 फरवरी को हिंसा के दौरान आरोपी शाहरुख हाथ में पिस्टल लहराते हुए पुलिसकर्मी की ओर बढ़ता है। पुलिसकर्मी हेड कांस्टेबल दीपक दहिया उसे रोकने का प्रयास करता है। इसके बाद भी वह ताबड़तोड़ फायरिंग करता हुआ दिख रहा है। पुलिस ने आरोपी शाहरुख को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से पुलिस ने उसकी कार भी बरामद कर ली है।
मौजपुर विजय पार्क : वायरल वीडियो 25 फरवरी का है। इसमें एक युवक पिस्टल लेकर गली के सामने पहुंचता है और ताबड़तोड़ फायरिंग करने के बाद भाग जाता है। घटनास्थल के पास कोई पुलिसकर्मी नजर नहीं आ रहा है। यह वीडियो 05 मार्च को वायरल हुआ है। इसकी अभी जांच चल रही है। फरार आरोपी का फिलहाल सुराग हाथ नहीं लगा है।
खजूरी खास : वायरल वीडियो 25 फरवरी का है। इसमें हिंसा के दौरान आईबी के जवान अंकित शर्मा के हत्या आरोपी ताहिर हुसैन अपनी छत पर मौजूद दिखाई दे रहा है। उसके साथ कुछ लोग भी छत पर दिखाई दे रहे हैं। पीछे आग की लपटें और काले धुएं का गुबार नजर आ रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर गुरुवार को ताहिर हुसैन को सरेंडर करने के ठीक पहले धर दबोचा है। उससे पूछताछ की जा रही है।


