शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म, दबाव में मंगनी कर शादी में मांगे 20 लाख
डिडौली क्षेत्र की एक युवती ने गाजियाबाद में रिश्तेदार युवक आरिफ समेत सात लोगों के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाया है। शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप है, और शादी के लिए 20 लाख रुपये की मांग की गई थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

डिडौली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने गाजियाबाद के संजय कालोनी थाना मोहननगर निवासी रिश्तेदार युवक आरिफ समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि दबाव में आकर उसने व परिजनों ने मंगनी कर ली लेकिन शादी में 20 लाख रुपये की मांग की, इनकार पर रिश्ता तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। पीड़ित युवती का आरोप है कि आरिफ से उसकी मुलाकात अप्रैल 2026 में हुई थी। जान-पहचान होने पर वह युवती को घुमाने के बहाने नीलीखेड़ी के पास नहर किनारे ले गया और कार में उसके साथ दुष्कर्म किया।
शादी का भरोसा दिलाकर किसी को भी इस बारे में नहीं बताने का दबाव बनाया लेकिन बाद में उसने शादी से इनकार कर दिया। जिस पर युवती ने कार्रवाई की बात कही तो दोनों के परिजनों ने 19 मई को मंगनी की रस्म पूरी कर ली। आरोप है कि इसके बाद युवक पक्ष की ओर से शादी में 20 लाख रुपये की अतिरिक्त दहेज देने की मांग की जाने लगी, इनकार पर बीती 26 अगस्त को रिश्ता तोड़ दिया गया। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र बालियान ने बताया कि मामले में आरिफ, नाजमा, शमशाद, माहिन, शादाब, शीबा और अदीबा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


