देशों को एक-दूसरे की सीमाओं में दखल नहीं देना चाहिए: उपराष्ट्रपति
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले देशों को चेतावनी दी कि गैरकानूनी हथियारों और गतिविधियों का समर्थन अंततः उनके अपने लोगों को नुकसान पहुंचाएगा। नेशनल डिफेंस कॉलेज में बोलते हुए उन्होंने देशों से दूसरों की सीमाओं में दखल न देने को कहा। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा को भारत के विकास के लिए जरूरी बताया और कहा कि भारत की शक्ति का उद्देश्य दूसरों पर शर्तें थोपना नहीं, बल्कि ऐसी शर्तों से खुद को बचाना है।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने सोमवार को आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले देशों को चेताया कि गैरकानूनी हथियारों का इस्तेमाल उनके अपने लोगों को ही नुकसान पहुंचाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी देश को दूसरों की सीमाओं में दखल नहीं देना चाहिए। उपराष्ट्रपति ने कहा कि आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले देशों के राजनीतिक नेतृत्व को गैर कानूनी गतिविधियों का समर्थन करने के दूरगामी नतीजों को समझना चाहिए।यहां नेशनल डिफेंस कॉलेज में 'भारत के मुख्य राष्ट्रीय हित, मूल्य और रणनीतिक उद्देश्य' विषय पर भाषण देते हुए उन्होंने कहा कि आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले देशों को यह समझना होगा कि लंबे समय में इससे उनके अपने लोगों को भी नुकसान होगा।राष्ट्रीय
सुरक्षा को देश की प्रगति के लिए जरूरी बताते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि इसका मकसद ऐसा माहौल बनाना है, जिसमें भारत सुरक्षित रूप से विकास कर सके, समृद्ध हो सके और अपनी आकांक्षाओं को पूरा कर सके।उन्होंने कहा कि दुनिया का सबसे शक्तिशाली देश बनने की भारत की महत्वाकांक्षा का मकसद दूसरों पर अपनी शर्तें थोपना नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी भारत पर अनैतिक शर्तें न थोप सके।

