छात्रों को लोकतंत्र के लिए तैयार करें शिक्षण संस्थान : उपराष्ट्रपति
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने गुवाहाटी में कहा कि उच्च शिक्षा का उद्देश्य छात्रों को लोकतंत्र में सार्थक योगदान देने के लिए तैयार करना होना चाहिए। उन्होंने युवाओं को सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से और मादक पदार्थों से दूर रहने की सलाह दी। राधाकृष्णन ने मेघालय में परियोजनाओं का शिलान्यास करने की भी जानकारी दी।

उपराष्ट्रपति बोले, उच्च शिक्षा का उद्देश्य छात्रों को लोकतंत्र के लिए तैयार करना होना चाहिए गुवाहाटी में गीतानगर कॉलेज के स्वर्ण जयंती समारोह में पहुंचे सी.पी. राधाकृष्णन
उपराष्ट्रपति का संबोधन
उपराष्ट्रपति ने युवाओं को सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से बचने की सलाह दी
गुवाहाटी, एजेंसी। उच्च शिक्षण संस्थानों का उद्देश्य केवल छात्रों को करियर के लिए तैयार करना नहीं होना चाहिए, बल्कि उन्हें समाज और लोकतंत्र में सार्थक योगदान देने में सक्षम बनाना भी होना चाहिए। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने रविवार को गुवाहाटी में गीतानगर कॉलेज के स्वर्ण जयंती समारोह में यह बात कही।
शिक्षण संस्थानों की भूमिका
राधाकृष्णन ने अपने संबोधन में राष्ट्र निर्माण और समावेशी विकास को बढ़ावा देने में शिक्षण संस्थानों की भूमिका पर बल दिया। उपराष्ट्रपति पद संभालने के बाद असम के पहले दौरे पर उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में शिक्षण संस्थान सबसे महत्वपूर्ण माध्यमों में से एक हैं। क्योंकि वे इस दृष्टिकोण को साकार करने के लिए आवश्यक कुशल श्रमशक्ति तैयार कर सकते हैं।
छात्रों के लिए संदेश
उपराष्ट्रपति कहा, उच्च शिक्षा का उद्देश्य केवल नागरिकों को करियर के लिए तैयार करना नहीं, बल्कि उन्हें लोकतंत्र और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियां निभाने के लिए भी तैयार करना होना चाहिए। शिक्षण संस्थानों की सफलता उनके छात्रों की सफलता में दिखाई देती है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही छात्रों में उत्कृष्टता सुनिश्चित कर सकती है, जबकि बुनियादी ढांचा केवल सुविधाएं उपलब्ध करा सकता है।
राधाकृष्णन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के दृष्टिकोण में पूर्वोत्तर को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने छात्रों से मादक पदार्थों से दूर रहने और अपने परिवार के सदस्यों तथा दोस्तों को भी इनके सेवन से दूर रखने की अपील की। इसके अलावा, उन्होंने युवाओं को सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से बचने की सलाह दी।
मेघालय में परियोजनाएं
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन असम के बाद सोमवार को मेघालय के दो दिवसीय दौरे पर जाएंगे। राधाकृष्णन 12 सितंबर 2025 को उपराष्ट्रपति का पदभार संभालने के बाद पहली बार राजधानी शिलांग पहुंचेंगे। अधिकारियों ने बताया, उपराष्ट्रपति 1,010.95 करोड़ रुपये की लागत वाली पांच बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। शिलांग में प्रस्तावित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा, उनके मंत्रिमंडल के सदस्य और राज्य सरकार के अधिकारी मौजूद रहेंगे। राधाकृष्णन 850.58 करोड़ रुपये की लागत वाली न्यू शिलांग जलापूर्ति योजना के दूसरे चरण की आधारशिला रखेंगे। इस जलापूर्ति योजना के तहत मेघालय में पहली बार स्मार्ट मीटरिंग प्रणाली शुरू की जाएगी। इसे एकीकृत कमान एवं नियंत्रण केंद्र से जोड़ा जाएगा, जिससे जलापूर्ति की वास्तविक समय में निगरानी की जा सकेगी।

