स्वतंत्रता दिवस पर जनपद में होंगे कार्यक्रम, प्रशासन ने तैयार की रूपरेखा
डीएम जसजीत कौर ने स्वतंत्रता दिवस-2026 के लिए भव्य कार्यक्रमों की रूपरेखा बनाई है। 15 अगस्त को प्रभात फेरी, राष्ट्रभक्ति गीत, ध्वजारोहण, स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान, वृक्षारोपण, खेलकूद प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी स्कूल और कार्यालय इस दिन विभिन्न आयोजनों में भाग लेंगे।

डीएम जसजीत कौर के निर्देशानुसार जनपद में स्वतंत्रता दिवस-2026 को भव्य, गरिमामयी एवं उत्साहपूर्ण ढंग से मनाए जाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा निर्धारित की गई है। 15 अगस्त को प्रात: 7:00 बजे से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों में प्रभात फेरी, राष्ट्रभक्ति गीत, ध्वजारोहण, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं वीर शहीदों का सम्मान, विचार गोष्ठी, वृक्षारोपण, खेलकूद प्रतियोगिता, अमृत मिनी मैराथन, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा विभिन्न संस्थानों में मिष्ठान वितरण सहित अनेक आयोजन शामिल हैं। डीएम ने बताया कि प्रात: 7:00 बजे जनपद के समस्त विद्यालयों द्वारा नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभात फेरी निकाली जाएगी। जिसमें देशभक्ति एवं राष्ट्रभक्ति गीतों का गायन किया जाएगा।
साथ ही देशप्रेम एवं राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने वाले नाटक, विचार गोष्ठी, वाद-विवाद प्रतियोगिता, प्रदर्शनी एवं निबंध लेखन आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रात: 7:55 बजे समस्त कार्यालयाध्यक्षों द्वारा वंदेमातरम् गीत गायन (राष्ट्रगीत) किया जाएगा। 8 बजे सरकारी एवं अद्र्धसरकारी कार्यालय भवनों पर कार्यालयाध्यक्षों द्वारा गुब्बारों की पंखुड़ियां बांधकर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। प्रात: 8:30 बजे से कलेक्ट्रेट कार्यालय प्रांगण में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं वीरों का सम्मान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जनपद के समस्त कार्यालयों में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। कार्यालय प्रांगण एवं चयनित स्थलों पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों शहीद परिवारों के सदस्यों तथा गणमान्य नागरिकों की सहभागिता से पौधरोपण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रात: 9:00 बजे नेहरू स्टेडियम, बिजनौर में खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रात: 10:00 बजे अमृत मिनी मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा। 10 बजे से इंदिरा बाल भवन में एसएनओ पासा जादूगर का शो आयोजित किया जाएगा। 10:30 बजे से जिला कारागार में जिलाधिकारी द्वारा मिष्ठान वितरण किया जाएगा।--------


