कट्टर सोच वाले ज्यादा दिन नहीं चल पाएंगे : विहिप
विश्व हिंदू परिषद के प्रवक्ता विनोद बंसल ने तेलुगु अभिनेत्री फारिया अब्दुल्ला की ट्रोलिंग की निंदा की। उन्होंने कहा कि कट्टर सोच वाले लोग ज्यादा दिन नहीं चल पाएंगे और उन्होंने ऑनलाइन ट्रोलर्स की महिलाओं के प्रति असम्मान की आलोचना की। फारिया ने 9 अगस्त को हैदराबाद में पारंपरिक बोनालू त्योहार में भाग लिया था।

नई दिल्ली, एजेंसी। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के प्रवक्ता विनोद बंसल ने तेलुगु अभिनेत्री फारिया अब्दुल्ला के हैदराबाद में पारंपरिक बोनालू त्योहार के जश्न में शामिल होने के बाद उनकी ट्रोलिंग की निंदा की। साथ ही कहा कि कट्टर सोच वाले ज्यादा दिन नहीं चल पाएंगे। विनोद बंसल ने ऑनलाइन ट्रोल करने वालों को कट्टर सोच वाले लोग बताया। साथ ही कहा कि इनमें महिलाओं के प्रति सम्मान की भी कमी है। बंसल ने कहा कि ऑनलाइन ट्रोल करने वाले गिरोह और टिप्पणी करने वाले उलेमाओं ने न तो देश को, न ही इसकी परंपराओं को और न ही वंदे मातरम को स्वीकार किया है, तो वे हिंदू त्योहारों में मुस्लिम अभिनेत्रियों की भागीदारी या उनके मंदिरों में जाने को कैसे बर्दाश्त करेंगे? उन्हें यह समझना चाहिए कि भारत अब बदल रहा है और आप कट्टर सोच के साथ ज्यादा दिन नहीं चल पाएंगे।
कम से कम महिलाओं का सम्मान तो करें। फारिया ने 9 अगस्त को हैदराबाद के पुराने शहर में स्थित श्री सिम्हावाहिनी महाकाली मंदिर में पारंपरिक बोनालू त्योहार में भाग लिया था।


