गरबा-डांडिया उत्सव में मुस्लिमों के शामिल होने पर रोक रहेगी: वीएचपी
हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
मुंबई में विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) ने नवरात्रि उत्सव के दौरान गरबा-डांडिया कार्यक्रमों में मुसलमानों के शामिल होने पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। वीएचपी ने आयोजकों को प्रतिभागियों की हिंदू पहचान की पुष्टि करने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिसमें आधार कार्ड की जांच और तिलक लगाना शामिल है।

मुंबई, एजेंसी। विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) ने अगले माह महाराष्ट्र में होने वाले नवरात्रि उत्सव के दौरान गरबा-डांडिया कार्यक्रमों में मुसलमानों के शामिल होने पर रोक लगाने का फैसला किया है। संगठन ने इसके लिए एक दिशा-निर्देश भी जारी किया है। वीएचपी के प्रवक्ता श्रीराज नायर ने शनिवार को बताया कि आयोजकों के लिए प्रतिभागियों की हिंदू पहचान की पुष्टि करने के लिए कहा जाएगा। इसके लिए लोगों के आधार कार्ड की जांच करना और उनके मस्तक पर 'तिलक' लगाना शामिल है। नायर ने कहा कि इन प्रतिबंधों का मतलब यह नहीं है कि वीएचपी किसी खास समुदाय के खिलाफ है।
बता दें कि नवरात्रि उत्सव 11 अक्तूबर से शुरू होगा।


