जम्मू-कश्मीर: फारूक अब्दुल्ला के भाई मुस्तफा कमाल का निधन
नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला के भाई मुस्तफा कमाल का मंगलवार को 83 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह पिछले कुछ महीनों से बीमार थे। चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने के बाद, कमाल ने राजनीति में कदम रखा और कई बार मंत्री रहे। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।

श्रीनगर, एजेंसी। नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला के भाई मुस्तफा कमाल का मंगलवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। पार्टी के एक नेता ने इसकी पुष्टि की। वह 83 साल के थे। पार्टी नेता ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के पूर्व मंत्री और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के चाचा कमाल ने शाम करीब पांच बजे एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह अविवाहित थे और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अतिरिक्त महासचिव थे। कमाल 1983, 1987 और 1996 में फारूक अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली जम्मू-कश्मीर सरकार में मंत्री भी रहे थे। उन्होंने मेडिकल की पढ़ाई की थी और राजनीति में आने से पहले पेशेवर डॉक्टर थे।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने 'एक्स' पोस्ट में कहा कि वह कुछ महीनों से बीमार थे और चार दिन पहले उनकी हालत बिगड़ गई थी। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।


