कामर्शियल वाहनों में वीएलटीडी लगवाने के आदेश से मुश्किलें
कुशीनगर में भारी व्यवसायिक वाहनों के लिए वाहन लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (वीएलटीडी) जरूरी करने के आदेश से वाहन मालिक चिंतित हैं। उपकरणों की कमी के कारण कई राष्ट्रीय परमिट वाले वाहन संचालित नहीं हो पा रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा है। वाहन मालिकों ने प्रशासन से समय सीमा के लिए छूट की मांग की है।

कुशीनगर। भारी व्यवसायिक वाहनों में वाहन लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (वीएलटीडी) लगवाने के शासन के आदेश ने वाहन मालिकों की मुश्किलें बढ़ा दी है। परेशान वाहन स्वामियों ने जिलाधिकारी को पत्रक सौंप कर इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। वाहन मालिकों का आरोप है कि शासन की ओर से वीएलटीडी लगाना अनिवार्य कर दिया गया है, लेकिन बाजार में उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं की गई है। इसके चलते परिवहन विभाग की सभी मानक व औपचारिकताएं पूरी करने के बावजूद राष्ट्रीय परमिट वाले कई वाहन सड़क पर संचालित नहीं हो पा रहे हैं। इससे मालिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।वाहन
मालिकों का कहना है कि एक ओर वाहनों की किस्त, बीमा, टैक्स और अन्य खर्च लगातार जारी है। वहीं दूसरी ओर वाहन खड़े रहने से आमदनी पूरी तरह प्रभावित हो गई है। ट्रक मालिक देवेंद्र गुप्ता, ओंकार राय आदि ने मांग किया है कि वीएलटीडी उपकरण की उपलब्धता तत्काल सुनिश्चित नहीं होने की स्थिति में कुछ समय के लिए छूट दी जाए, ताकि राष्ट्रीय परमिट वाले वाहनों का संचालन शुरू हो सके और वाहन मालिकों को हो रहे आर्थिक नुकसान से राहत मिल सके।


