दो वाहन चोर गिरफ्तार, पांच बाइक दो स्कूटी बरामद
ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस ने दो वाहन चोरों आदिल और शोएब को गिरफ्तार किया है। इनके पास से दिल्ली और आस-पास से चुराई गई पांच बाइक और दो स्कूटी बरामद हुईं। पुलिस चोरों के दो अन्य साथियों की तलाश कर रही है। आदिल और शोएब पर कई वाहन चोरी के मामले दर्ज हैं।

लोनी, हरदीप श्रीवास्तव। ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस ने जांच के दौरान दो वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को इनके कब्जे से दिल्ली और आस पास से चुराई गई पांच बाइक और दो स्कूटी बरामद हुई है। पुलिस वाहन चोरों के दो अन्य साथियों की तलाश में जुटी है। ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस शुक्रवार को दिल्ली सहारनपुर रोड पर पुश्ता पुलिस चौकी के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने एक मालवाहक वाहन को जांच के लिए रोका। वाहन से दो युवक उतर कर भागने लगे। पुलिस ने दोनों को धर दबोचा। सहायक पुलिस आयुक्त लोनी राम किशन ने बताया कि पूछताछ में इन्होंने अपने नाम आदिल और शोएब निवासी अशोक विहार कॉलोनी थाना लोनी बताए।
इन्होंने बताया कि दोनों अपने साथियों ऋषि और लल्ला निवासी पावी सादकपुर के साथ मिलकर दिल्ली और आस पास से वाहन चोरी करते हैं। इन्होंने बताया कि करीब 25 दिन पहले सिल्वर सिटी कॉलोनी स्थित एक घर से बाइक और मोबाइल चोरी किया था।बाइक को ऋषि और लल्ला ने दिल्ली में बेच दिया और रुपये आपस में बांट लिए थे। घर से चुराया गया मोबाइल व अन्य सामान दोनों के पास है। इन्होंने बताया कि चारों मालवाहक वाहन में दिल्ली से चुराई गई पांच बाइक व दो स्कूटी को बेचने के लिए दिल्ली जा रहे थे। वाहनों को मंडोला आवास विकास क्षेत्र में झाड़ियों में छिपा कर रखा हुआ था। पुलिस द्वारा दोनों के पकड़े जाने पर पीछे आ रहे दोनों साथी मौके से भाग गए। जांच में पता चला कि आदिल पर दिल्ली, हरियाणा, ट्रोनिका सिटी में वाहन चोरी के 11 मुकदमे और शोएब पर दिल्ली, हरियाणा, ट्रोनिका व लोनी में वाहन चोरी के दस मुकदमे दर्ज है। पुलिस वाहन चोरों के फरार साथियों की तलाश में जुटी है।


