पीयू की महिला कबड्डी टीम पूर्वी क्षेत्र अंतर- विश्वविद्यालय प्रतियोगिता के लिए रवाना
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की महिला कबड्डी टीम रविवार को छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के लिए रवाना हुई। कुलपति प्रो. आरके सिंह ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया और कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को विकसित करता है। टीम का लक्ष्य विश्वविद्यालय के लिए पदक अर्जित करना है।

जौनपुर, संवाददाता। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की महिला कबड्डी टीम पूर्वी क्षेत्र अंतर-विश्वविद्यालय महिला कबड्डी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए रविवार देर शाम बिलासपुर, छत्तीसगढ़ के लिए रवाना हुई। कुलपति प्रो. आरके सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया, हरी झंडी दिखाकर टीम को प्रतियोगिता के लिए रवाना किया। इस अवसर पर कुलपति प्रो. आर.के. सिंह ने कहा कि खेल केवल पदक प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को विकसित करने का सशक्त माध्यम है।विश्वविद्यालय की महिला कबड्डी टीम प्रतियोगिता में अनुशासन, आत्मविश्वास, एकजुटता एवं टीम भावना के साथ मैदान में उतरेगी।
टीम का लक्ष्य बेहतर प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय के लिए पदक हासिल करना है। इस अवसर पर प्रो. प्रमोद कुमार यादव, प्रो. गिरिधर मिश्र, राधेश्याम सिंह, रजनीश सिंह एवं प्रशिक्षक विजय प्रकाश सहित विश्वविद्यालय के खेलकूद विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

