डेयरी उद्योग को बढ़ावा देगा ‘रंगीलो काशी’
वाराणसी में बीएचयू में 19 और 20 सितंबर को डेयरी उद्योग को बढ़ावा देने के लिए 'रंगीलो काशी' उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें गाय-भैंसों के दुग्ध-दोहन का प्रदर्शन होगा और पालकों को पुरस्कार भी दिए जाएंगे। मेले में भाग लेने के लिए दूध उत्पादन की अलग-अलग आवश्यकताएं तय की गई हैं।

वाराणसी, हिटी। डेयरी उद्योग को प्रोत्साहन देने के लिए बीएचयू में 19 और 20 सितंबर को ‘रंगीलो काशी’ का आयोजन होगा। विश्वविद्यालय के हेलीपैड मैदान में दो दिवसीय पशु मेला राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड और एनडीडीबी डेयरी सर्विसेज आयोजित करेगा। इसमें चैंपियन गाय-भैंस के दुग्ध-दोहन (मिल्किंग) का प्रदर्शन किया जाएगा। उनके पालकों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। ‘रंगीलो काशी’ के मद्देनजर गुरुवार को आयुक्त सभागार में कमिश्नर एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में बैठक हुई। संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक में पशु मेले की तैयारियों पर विमर्श किया गया। अधिकारियों ने बताया कि मेले में भाग लेने के लिए गाय-भैंसों की अर्हता तय की गई है।
देसी नस्ल की गीर गाय के लिए न्यूनतम 15 लीटर दूध देने की अनिवार्यता होगी। साहिवाल को 15, थारपारकर को 12 और गंगातीरी को सात लीटर दूध देना होगा। विदेशी नस्ल की एचएफ गायों को 50, क्रॉस ब्रीड एचफ को 25, क्रास ब्रीड जर्सी को 25 और भैंस को 18 लीटर दूध देने अनिवार्यता होगी। प्रथम पुरस्कार 2.51 लाख रुपये का होगा। द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के रूप में 1.51 लाख और 1.11 लाख रुपये दिए जाएंगे।


