पशुओं को खुरपका-मुंहपका रोग से बचाएगा एफएमडी टीका : डॉ. बोस
राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत खुरपका-मुंहपका रोग के सातवें चरण का टीकाकरण शुरू खासकर बाढ़ प्रभावित प्रखंडों के ग्रामीण इलाकों में टीकाकरण कार्य को तेजी से कराने का निर्देश भ्रमणशील...

हाजीपुर । एक प्रतिनिधि वैशाली जिले में राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत खुरपका-मुंहपका रोग के सातवें चरण का टीकाकरण शुक्रवार को शुरू हो गया। टीकाकरण का उद्घाटन स्थानीय नखास के समीप गोरक्षणी (गोशाला) किया गया।
टीकाकरण का उद्घाटन
टीकाकरण का उद्घाटन करते हुए जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. उदय दत्त बोस ने कहा कि एफएमडी वैक्सीन गोवंश व भैंस को खुरपका, मुंहपका रोग से बचाएगा। उन्होंने कहा कि खुरपका-मुंहपका रोग पशुओं के लिए संक्रामक एवं आर्थिक रूप नुकसान दायक रोग है। इससे बचाव के लिए जिले में व्यापक रूप से एफएमडी टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। डॉ बोस ने पशुपालक किसानों से अपने पशुओं का समय पर टीकाकरण कराने की अपील की तथा संबंधित पशु चिकित्सा पदाधिकारियों व कर्मियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
टीकाकरण के लिए वैक्सीन की उपलब्धता
जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. उदय दत्त बोस ने कहा कि एफएमडी टीकाकरण तेजी से करने को कहा गया है। खासकर बाढ़ प्रभावित प्रखंड के ग्रामीण इलाकों में टीकाकरण तेजी से कराया जाएगा। इसके लिए नोडल पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया गया है। 4.29 लाख डोज वैक्सीन प्राप्त हुआ जिला भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. हेमंत कुमार राय ने बताया कि टीकाकरण के लिए लक्ष्य के अनुरुप 04 लाख 29 हजार 200 एफएमडी वैक्सीन का डोज प्राप्त हुआ है। जरूरत के हिसाब से प्रखंडों को एफएमडी वैक्सीन का उपलब्ध कराया गया है, जिसमें भगवानपुर प्रखंड को 25 हजार 500 डोज वैक्सीन भेजा गया है। इसी तरह बिदुपुर प्रखंड को 34 हजार डोज, चेहराकलां को 16 हजार 600 डोज, देसरी में 11 हजार 700 डोज, गोरौल को 18 हजार 350 डोज, हाजीपुर ग्रामीण को 27 हजार 800 डोज एवं हाजीपुर शहरी को 3900 डोज, जंदाहा को 29 हजार 800 डोज, लालगंज को 27 हजार डोज, महनार को 23 हजार 400 डोज, महुआ को 37 हजार डोज, पातेपुर को 69 हजार 500 डোজ, पटेढ़ी बेलसर को 11 हजार 600 डोज, राघोपुर को 32 हजार 400 डोज, सहदेई बुजुर्ग को 15 हजार 100 डोज एवं वैशाली प्रखंड को 23 हजार 500 एफएमडी वैक्सीन का डोज उपलब्ध करा दिया गया है।
टीकाकरण में सहयोग करने की अपील
टीकाकरण के मौके पर अवर प्रमंडल पशुपालन पदाधिकारी डॉ. रंजीत कुमार शर्मा, पशु शल्य चिकित्सक डॉ. रविशंकर विद्यार्थी, डॉ. राकेश कुमार सिन्हा, डॉ. विजय कुमार, डॉ. संजीव कुमार, डॉ. शोभा कुमारी एवं टीकाकर्मी सन्नी ने भी बारी बारी से गायों का टीकाकरण किया। जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. बोस ने कहा कि एफएमडी वैक्सीन लगवाने से दुधारू पशुओं के दूध उत्पादन में कमी नहीं होता बल्कि पशुओं के जानलेवा खुरपका-मुंहपका रोग से बचाव होता है। इसलिए पशुपालक अपने अपने पशुओं के टीकाकरण में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कि टीकाकर्मी घर घर जाकर गोवंश व भैंसजाति पशुओं का टीकाकरण करेंगे। टीकाकरण की सफलता के लिए प्रखंड व जिला स्तरीय निगरानी टीम का गठन किया गया है। - जय प्रकाश


