अब 30 सितंबर तक चलेगा खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान
मैनपुरी। पशुओं को खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) जैसे संक्रामक रोग से बचाने के लिए जिले में चल रहे टीकाकरण अभियान की समयसीमा शासन ने बढ़ा दी है।

पशुओं को खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) जैसे संक्रामक रोग से बचाने के लिए जिले में चल रहे टीकाकरण अभियान की समयसीमा शासन ने बढ़ा दी है। अब पशुओं का टीकाकरण 30 सितंबर तक किया जाएगा। पहले यह टीकारकण अभियान को आठ सितंबर तक पूरा किया जाना था। जिले में अब तक 3.72 लाख पशुओं को वैक्सीन लगाई जा चुकी है, जबकि अभियान के तहत 514050 पशुओं के टीकाकरण के लिए वैक्सीन भेजी गई हैं। जिले में खुरपका-मुंहपका रोग से पशुओं को सुरक्षित रखने के लिए 22 जुलाई से टीकाकरण अभियान शुरू किया गया था। अभियान के लिए पशुपालन विभाग की 36 टीमें गांव-गांव पहुंचकर पशुओं का निशुल्क टीकाकरण कर रही हैं।
शासन की ओर से समयसीमा बढ़ाए जाने के बाद अब टीमें शेष पशुओं का टीकाकरण पूरा करने में जुट गई हैं। खुरपका-मुंहपका पशुओं में तेजी से फैलने वाला संक्रामक रोग है। इससे पशुओं के मुंह और पैरों में छाले पड़ने के साथ उन्हें चलने-फिरने और खाने में परेशानी होती है। दुग्ध उत्पादन पर भी इसका असर पड़ता है। इसी को देखते हुए पशुपालन विभाग की ओर से प्रत्येक वर्ष पशुओं का टीकाकरण कराया जाता है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. सउद हसन का कहना है कि अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है। टीकाकरण टीमों को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार अधिक से अधिक पशुओं को वैक्सीन लगाने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग की टीमें पशुपालकों को बीमारी से बचाव और टीकाकरण के महत्व के बारे में भी जानकारी दे रही हैं।


