उपलब्धि:टीएचई रैंकिंग में उत्तरांचल विवि देश में 62वें स्थान पर
उत्तरांचल विश्वविद्यालय ने टाइम्स हायर एजुकेशन वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में पहली बार स्थान बनाया है। इसे देश में 62वां और वैश्विक स्तर पर 1001-1200 के रैंक बैंड में रखा गया है। विश्वविद्यालय ने शोध गुणवत्ता में 650वां स्थान हासिल किया है और परिसर में जश्न मनाया जा रहा है।

देहरादून। प्रमुख संवाददाता उत्तरांचल विश्वविद्यालय ने टाइम्स हायर एजुकेशन (टीएचई) वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स 2027 में पहली बार जगह बनाई है। विश्वविद्यालय को देश में 62वां स्थान मिला है, जबकि वैश्विक स्तर पर इसे 1001-1200 के रैंक बैंड में रखा गया है। रैंकिंग में 131 देशों के 3146 संस्थान शामिल हुए।विवि की इस उपलब्धि पर शुक्रवार को परिसर में जश्न मनाया गया। विश्वविद्यालय ने शोध गुणवत्ता के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर 650वां स्थान हासिल किया है। भारत में शोध गुणवत्ता में विश्वविद्यालय 19वें और अंतरराष्ट्रीय दृष्टिकोण के मामले में 20वें स्थान पर रहा। विश्वविद्यालय के अनुसार, रैंकिंग में उसका प्रदर्शन शोध, अंतरराष्ट्रीय सहभागिता और संस्थागत विकास के प्रयासों को दर्शाता है।
रैंकिंग में पहली बार स्थान मिलने पर विश्वविद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है। अध्यक्ष जितेंद्र जोशी, उपाध्यक्ष अंकिता जोशी, कार्यकारी निदेशक डा. अभिषेक जोशी, कुलपति प्रो. धर्म बुद्धि और प्रति-कुलपति प्रो. राजेश बहुगुणा ने विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों और कर्मचारियों को उपलब्धि के लिए बधाई दी।

