परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा को रोडवेज कर्मियों ने सौंपा मांगपत्र
उत्तराखंड के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने रुद्रपुर बस स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने उन्हें आठ सूत्रीय मांगपत्र सौंपा, जिसमें कर्मचारियों की समस्याएं, वेतन भुगतान, नए बसों की उपलब्धता और डग्गामारी पर रोक शामिल हैं। मंत्री ने कर्मचारियों की समस्याओं पर ध्यान देने का आश्वासन दिया।

रुद्रपुर, संवाददाता। उत्तराखंड के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा के मंगलवार को रुद्रपुर बस स्टेशन निरीक्षण केंद्र पहुंचने पर उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान यूनियन के क्षेत्रीय मंत्री मनिंदर सिंह ने निगम की आर्थिक स्थिति और कर्मचारियों की समस्याओं से जुड़ा आठ सूत्रीय मांगपत्र मंत्री को सौंपा। मांगपत्र में विशेष श्रेणी संविदा व बाय सोर्स तकनीकी कर्मचारियों का नियमितीकरण, निगम के बस बेड़े को बढ़ाकर दो हजार बसें करने, नई वॉल्वो, एसी, हाईटेक व साधारण बसें उपलब्ध कराने, प्रत्येक माह सात तारीख तक वेतन भुगतान, कुमाऊं मंडल में डग्गामारी पर पूर्ण रोक, बस स्टेशनों के भीतर से निजी बसों व टैक्सियों का संचालन बंद कराने, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित देयों का भुगतान, नए मार्गों पर बस संचालन और रुद्रपुर डिपो में वाशिंग मशीन स्थापित कर नए बस टर्मिनल से शीघ्र संचालन शुरू कराने की मांग प्रमुख रही।
इस मौके पर प्रांतीय उपाध्यक्ष बलदेव सिंह, गुरतेज सिंह, रुद्रपुर शाखा मंत्री प्रीतम दास, शाखा उपाध्यक्ष धर्मपाल कंबोज, सरपरस्त सूरजपाल सिंह, संगठन मंत्री राजू श्रीवास्तव, स्वास्थ्य मंत्री जैन सहित यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे।


