मांग: हर माह की सात को मिले वेतन, सरकारी बेड़े में शामिल की जाएं 700 नई बसें
हल्द्वानी में उत्तराखंड परिवहन निगम एससी/एसटी श्रमिक संघ का 16वां स्थापना दिवस मनाया गया। बैठक में कर्मचारियों के अधिकारों के लिए एकजुट होने का संकल्प लिया गया। महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए, जिनमें कर्मचारियों का मासिक वेतन समय पर मिलने की मांग और निगम की बसों के बेड़े को बढ़ाने की आवश्यकता शामिल है।

हल्द्वानी। उत्तराखंड परिवहन निगम एससी/एसटी श्रमिक संघ का 16वां स्थापना दिवस रविवार को बस स्टेशन के पास स्थित राम मंदिर धर्मशाला में धूमधाम से मनाया गया। संघ के प्रांतीय अध्यक्ष राम किशुन राम की अध्यक्षता में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश के विभिन्न डिपो और शाखाओं से आए प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और संगठन को मजबूत बनाने के साथ-साथ कर्मचारियों के अधिकारों के लिए एकजुट होने का संकल्प लिया। बैठक में कर्मचारियों के हितों से जुड़े गंभीर मुद्दों को उठाते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पास किए गए। प्रांतीय महामंत्री श्रीनिवास ने कहा कि परिवहन निगम के सभी श्रेणी के कार्मिकों का मासिक वेतन नियमों के तहत हर महीने की 7 तारीख तक अनिवार्य रूप से मिलना चाहिए, ताकि कर्मचारियों को आर्थिक संकट से न जूझना पड़े।
उन्होंने संघ के सदस्यों और पदाधिकारियों के खिलाफ हो रहे अनावश्यक प्रशासनिक उत्पीड़न और भेदभावपूर्ण कार्रवाइयों पर तुरंत प्रभावी रोक लगाने की भी पुरजोर मांग की। इसके साथ ही, परिवहन विभाग के बुनियादी ढांचे को लेकर प्रस्ताव पारित किया गया कि रोडवेज में अनुबंधित बसों की संख्या पर निर्भरता कम की जाए और निगम के अपने सरकारी बेड़े को बढ़ाया जाए। आगामी कुंभ मेले के सफल संचालन के लिए संघ ने सरकार से मांग की कि निगम के बेड़े में 700 नई बसें शामिल की जाएं, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिले और राजस्व में भी रिकॉर्ड बढ़ोतरी हो। साथ ही राज्य कर्मचारियों की तर्ज पर महंगाई भत्ता वर्तमान दर से बढ़ाकर 60 से 80 प्रतिशत करने और उसका नियमित भुगतान करने का आग्रह किया गया। बैठक में प्रांतीय महामंत्री श्रीनिवास, किशन राम, गणेश सिंह, नवीन चन्द्र , जीवन चन्द्र, सन्तोष कुमार, महेश सिंह, सर्वेश कुमार, देव लालन और नन्द प्रसाद सहित भारी संख्या में पदाधिकारी एवं सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


