टीईटी में छूट और पुरानी पेंशन बहाली की मांग
उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ की बागेश्वर इकाई ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को ज्ञापन भेजकर दो प्रमुख मांगें रखी हैं। शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से छूट और पुरानी पेंशन योजना की बहाली की मांग की गई है। संघ ने कहा कि ये कदम शिक्षकों का मनोबल बढ़ाएंगे।

देवेंद्र पांडे, बागेश्वर। उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ की ब्लॉक इकाई बागेश्वर ने शिक्षकों की दो प्रमुख मांगों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को ज्ञापन भेजा है। इसमें शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम लागू होने से पहले नियुक्त शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से छूट देने और अक्टूबर 2005 के बाद नियुक्त शिक्षकों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग की गई है। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि आरटीई अधिनियम से पहले नियुक्त शिक्षकों को सेवा और पदोन्नति के लिए टीईटी से मुक्त रखा जाए। साथ ही नई पेंशन योजना के स्थान पर पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू कर शिक्षकों के भविष्य को सुरक्षित किया जाए।
संघ अध्यक्ष हीरा सिंह रौतेला, मंत्री मनोज सिंह और कोषाध्यक्ष विवेक पांडे ने कहा कि इन मांगों के पूरा होने से शिक्षकों का मनोबल बढ़ेगा और वे अधिक निष्ठा के साथ अपने दायित्व निभा सकेंगे। ज्ञापन देने वालों में कई शिक्षक शामिल रहे।


