कालसी की रिंकी, सुहाना ने कविता लेखन में मारी बाजी
उत्तराखंड भाषा संस्थान की ओर से हिंदी दिवस पर आयोजित कविता लेखन प्रतियोगिता में पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज कालसी की छात्राओं ने पुरस्कार प्राप्त किए। रिंकी चौहान ने प्रथम, सुहाना चौहान ने तृतीय और अंतरा ने सांत्वना पुरस्कार जीते। मुख्यमंत्री ने छात्राओं को नगद पुरस्कार एवं सम्मानित किया।

उत्तराखंड भाषा संस्थान की ओर से हिंदी दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय कविता लेखन प्रतियोगिता में पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज कालसी की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। पेड़ अगर जो मोह लगाते विषय पर हुई प्रतियोगिता में विद्यालय की तीन छात्राओं ने राज्य स्तर पर प्रथम, तृतीय और सांत्वना पुरस्कार हासिल किए। कक्षा 12 की रिंकी चौहान ने प्रथम, सुहाना चौहान ने तृतीय और अंतरा ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को क्रमशः सात हजार, चार हजार और तीन हजार रुपये की नगद पुरस्कार राशि, अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न और पठन सामग्री देकर सम्मानित किया। छात्राओं की इस उपलब्धि से विद्यालय और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। विद्यालय के प्रधानाचार्य सचिन असवाल, हिंदी प्रवक्ता केशव रावत समेत विद्यालय परिवार ने छात्राओं की उपलब्धि को गुणवत्तापरक शिक्षा का परिणाम बताया。
काव्य संध्या में गूंजीं कविताएं
विकासनगर। समरफील्ड स्कूल हरबर्टपुर में हिंदी दिवस के अवसर पर काव्य गोष्ठी एवं काव्य संध्या का आयोजन किया गया। वरिष्ठ कवि राजीव बडोनी, शायर राशिद राही, समाजसेवी एवं शिक्षक अतुल शर्मा, प्रधानाचार्य सोनाली वर्मा, चिल्ड्रन्स एकेडमी के प्रबंधक निशांत पंवार, शिक्षक सुनेश सक्सेना और डॉ. अजय वर्मा ने अपनी रचनाओं का पाठ किया। कवियों ने प्रेम, प्रकृति, राष्ट्रभक्ति, सामाजिक सरोकार, मानवीय संवेदनाओं और जीवन मूल्यों से जुड़े विषयों पर कविताएं एवं गजलें प्रस्तुत कीं। डॉ. अजय वर्मा ने कहा कि हिंदी केवल संवाद की भाषा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और संवेदनाओं की सशक्त अभिव्यक्ति है।

