एक कचौड़ी-दो समोसा, अनजान लिंक-कॉल का क्या भरोसा!
उत्तराखंड पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए वायरल हुए स्लोगन का उपयोग किया है। पुलिस ने लोगों को अनजान लिंक, संदिग्ध कॉल और ऑनलाइन लालच से सावधान रहने की सलाह दी है। साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि यह प्रयास खासतौर पर युवाओं को सतर्क करने के लिए है।
संतोष जोशी हल्द्वानी। जेन-जी के दिल्ली में आंदोलन के दौरान लोकप्रिय अंदाज में वायरल हुए स्लोगन को उत्तराखंड पुलिस ने अब साइबर ठगी के खिलाफ जागरूकता का हथियार बनाया है। पुलिस ने सोशल प्लेटफॉर्म पर पोस्टर जारी कर लोगों को अनजान लिंक, संदिग्ध कॉल और ऑनलाइन लालच से सावधान रहने का संदेश दिया है। पोस्टर में चुटीले अंदाज में कहा गया है ‘एक कचौड़ी-दो समोसा, अनजान लिंक-कॉल का क्या भरोसा’!...।
साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता
दरअसल जेन-जी के बीच हाल में चर्चित हुए ‘एक कचौड़ी, दो समोसा...’ वाले तुकबंदी के अंदाज को पुलिस ने साइबर सुरक्षा से जोड़ते हुए लोगों तक संदेश पहुंचाने की कोशिश की है। साइबर विशेषज्ञ बीएल कुशवाहा ने बताया कि इसका मकसद खासतौर पर युवाओं और सोशल मीडिया यूजर्स को साइबर अपराध के प्रति सतर्क करना है। पुलिस ने लोगों को चेताया है कि लॉटरी, कैशबैक, निवेश में मोटे मुनाफे, ऑनलाइन जॉब या घर बैठे कमाई जैसे लालच में आकर अपनी जमा-पूंजी न गंवाएं।
सावधानी बरतें
कुमाऊं के साइबर विशेषज्ञ इंस्पेक्टर नीरज भाकुनी बताते हैं कि किसी अनजान व्यक्ति के भेजे लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध क्यूआर कोड स्कैन करने या ओटीपी, यूपीआई पिन, एटीएम और बैंक संबंधी जानकारी साझा करने से बचने की अपील की गई है। साइबर ठगी होने के बाद शिकायत में देरी न की जाए। पीड़ित तुरंत 1930 पर कॉल करें, ताकि ठगी की रकम को ट्रांसफर होने से रोका जा सके।
ठगी का बढ़ता आंकड़ा
उत्तराखंड में साइबर ठगी का बढ़ता आंकड़ा पुलिस की चिंता बढ़ा रहा है। पुलिस विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक पांच साल के भीतर 2021 से 2025 के बीच प्रदेश में साइबर ठगी की रकम 400 करोड़ रुपये से अधिक रही। वर्ष 2025 में ही 31,870 शिकायतों में 170 करोड़ रुपये की ठगी दर्ज की गई।
पुलिस की अपील
तमाम प्रकार से ठगी की शिकायतें पहुंच रही हैं। जिनमें केस निस्तारित करने के साथ जांच के लिए प्रगति पर हैं। लोगों को सावधान रहने की आवश्यकता है। ठग कई तरह के हथकंडे अपना रहे हैं।
निलेश आनंद भरणे, आईजी साइबर
फोटो: उत्तराखंड पुलिस की ओर से जारी किया गया जागरुकता पोस्टर।

