चिन्हीकरण की तिथि बढ़ाने को आंदोलनकारियों का धरना
उत्तराखंड आंदोलनकारी संयुक्त परिषद ने राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण की तिथि बढ़ाने और छूटे हुए वास्तविक आंदोलनकारियों को सम्मान व सरकारी सुविधाओं का लाभ देने की मांग को लेकर धरना दिया। मुख्यमंत्री ने चिन्हीकरण प्रक्रिया फिर से शुरू करने का आश्वासन दिया। धरने में बड़ी संख्या में आंदोलनकारी शामिल हुए।
देहरादून। उत्तराखंड आंदोलनकारी संयुक्त परिषद ने राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण की तिथि बढ़ाने और छूटे हुए वास्तविक आंदोलनकारियों को सम्मान व सरकारी सुविधाओं का लाभ देने की मांग को लेकर शुक्रवार को शहीद स्थल पर धरना दिया।
धरना और ज्ञापन
इस दौरान परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने शहीद स्थल पहुंचे मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। परिषद ने कहा कि राज्य आंदोलन में हजारों लोगों ने संघर्ष और बलिदान दिया, लेकिन अभी भी बड़ी संख्या में वास्तविक आंदोलनकारी चिन्हीकरण से वंचित हैं। इससे आंदोलनकारियों और उनके परिजनों में निराशा है। परिषद ने चिन्हीकरण की समय सीमा बढ़ाने, छूटे आंदोलनकारियों के लिए शिविर लगाने और प्रक्रिया को सरल व पारदर्शी बनाने की मांग की।
मुख्यमंत्री का आश्वासन
परिषद ने यह भी मांग की कि आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहायता दी जाए और दो वरिष्ठ आंदोलनकारियों के सत्यापन को आधार बनाकर पात्र आंदोलनकारियों का चिन्हीकरण किया जाए। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि चिन्हीकरण की प्रक्रिया फिर से शुरू की जाएगी। परिषद ने इस आश्वासन का स्वागत करते हुए जल्द ठोस आदेश जारी करने की उम्मीद जताई। इस अवसर पर मुजफ्फरनगर कांड के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। धरने में परिषद के अध्यक्ष सुरेश कुमार, संरक्षक बालेश बबानिया, अनंत आकाश, लेखराज, प्रमिला रावत समेत बड़ी संख्या में आंदोलनकारी शामिल हुए।

