हिमालय संरक्षण करने वालों को मिलेगा ‘हिमालय विभूति सम्मान’

हिन्दुस्तान, देहरादून
Follow us on Google News
share

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने वीर माधो सिंह भंडारी तकनीकी विवि में हिमालयo नाम नगाधिराज कार्यक्रम के दौरान एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। यह राशि हिमालय की मूलभूत सुविधाओं और संसाधनों के विस्तार के लिए होगी तथा हर साल हिमालय विभूति सम्मान का भी पुरस्कार दिया जाएगा।

हिमालय संरक्षण करने वालों को मिलेगा ‘हिमालय विभूति सम्मान’

देहरादून। प्रमुख संवाददाता हिमालय परिषद में मूलभूत सुविधाओं और संसाधनों के विस्तार के लिए एक करोड़ रुपये देने दिए जाएंगे। साथ ही हिमालय के संरक्षण और संवर्धन में अहम भूमिका निभाने वालों को हर साल हिमालय विभूति सम्मान से नवाजा जाएगा। ये घोषणा मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने सोमवार को वीर माधो सिंह भंडारी तकनीकी विवि में आयोजित हिमालयो नाम नगाधिराज कार्यक्रम के दौरान की।

मुख्यमंत्री का उद्घाटन भाषण

मुख्यमंत्री ने कहा कि सतत विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले शोधकर्ताओं, वैज्ञानिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और हिमालयी क्षेत्रों के लिए समर्पित विशिष्ट व्यक्तित्वों को इस सम्मान के लिए चुना जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमालय केवल पर्वत श्रृंखला नहीं, बल्कि उत्तराखंड की पहचान, संस्कृति और अस्तित्व का आधार है। आदि काल से यह ऋषियों, मुनियों, साधकों और विचारकों की तपोभूमि रहा है। गंगा और यमुना समेत अनेक जीवनदायिनी नदियों का उद्गम हिमालय से होता है।

जलवायु परिवर्तन की चुनौतियां

उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन और वैश्विक तापवृद्धि का असर हिमालयी क्षेत्रों में स्पष्ट दिखाई दे रहा है। ग्लेशियरों पर बढ़ता दबाव, पारंपरिक जल स्रोतों का संकट, अतिवृष्टि, भूस्खलन, वनाग्नि और अचानक आने वाली बाढ़ जैसी घटनाएं नई चुनौतियां खड़ी कर रही हैं। इसलिए विकास कार्यों में विज्ञान, तकनीक, सुरक्षा और प्रकृति के बीच संतुलन जरूरी है।

कार्यक्रम के प्रतिभागी

कार्यक्रम में विधायक किशोर उपाध्याय, हेस्को के संस्थापक एवं पद्म भूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. तृप्ता ठाकुर, यू-कॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, कुलसचिव डॉ. राजेश उपाध्याय, संयुक्त निदेशक डीपी उनियाल समेत कई लोग मौजूद रहे।

पर्यावरणीय चिंताएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन किसी राज्य या देश की सीमाओं को देखकर अपना प्रभाव नहीं डालता। पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने में कम योगदान देने वाले हिमालयी क्षेत्रों को भी इसका बड़ा मूल्य चुकाना पड़ सकता है। इसलिए जलवायु परिवर्तन की जिम्मेदारी और समाधान के प्रयास साझा होने चाहिए। हिमालयी राज्यों की चिंताओं और आवाज को राष्ट्रीय और वैश्विक मंचों पर मजबूती से उठाने की जरूरत है।उन्होंने कहा कि ग्लेशियरों और जल स्रोतों पर असर का सीधा प्रभाव नदियों, कृषि, पेयजल और करोड़ों लोगों के जीवन पर पड़ता है। इसलिए हिमालय संरक्षण केवल पर्यावरण का विषय नहीं, बल्कि भविष्य से जुड़ा विषय है।

विकास संतुलन

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क, बिजली, बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और रोजगार की जरूरत है, लेकिन विकास मॉडल राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों और आवश्यकताओं के अनुरूप होना चाहिए। उत्तराखंड के विकास का रास्ता पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के संतुलन से होकर ही निकलेगा।

विज्ञान और प्रौद्योगिकी

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से संबंधित पांच पोस्टरों का विमोचन किया। इनमें सातवें देहरादून अंतरराष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी महोत्सव, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग, सीमांत बाल विज्ञान कांग्रेस, ज्ञानोत्कर्ष और 21वीं उत्तराखंड राज्य विज्ञान सम्मेलन के पोस्टर शामिल हैं। उन्होंने विज्ञान के लोकप्रियकरण पर केंद्रित पत्रिका ‘विज्ञान संप्रेषण’ के पांचवें वार्षिकांक का भी विमोचन किया।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

✦मुख्यमंत्री ने कितने करोड़ रुपये की घोषणा की?−
मुख्यमंत्री ने एक करोड़ रुपये की घोषणा की।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव , CJP Protest Live और Navratri 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsहिमालय संरक्षण करने वालों को मिलेगा ‘हिमालय विभूति सम्मान’