युवाओं के हुनर को मिलेगी नई उड़ान
उत्तराखंड में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में तीन दिवसीय आवासीय बूटकैंप का शुभारंभ हुआ। इसमें 48 छात्रों को उद्यमिता, व्यवसाय विकास और नवाचार का प्रशिक्षण दिया जाएगा। विशेषज्ञों द्वारा दी जाने वाली यह प्रशिक्षण युवाओं को रोजगार सृजन के लिए तैयार करेगी।

उत्तराखंड के युवाओं में उद्यमिता की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से देवभूमि उद्यमिता योजना के अंतर्गत भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान की ओर से शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय आवासीय बूटकैंप का शुभारंभ किया गया। इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में उत्तराखंड के दूरस्थ एवं विभिन्न भौगोलिक क्षेत्रों मोरी, बड़कोट, पुरोला,उत्तरकाशी,चकराता, त्यूणी और देहरादून के राजकीय उच्च शिक्षण संस्थानों से चयनित 48 छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। तीन दिनों तक चलने वाले इस आवासीय बूटकैंप में प्रतिभागियों को उद्यमिता, व्यवसाय विकास और नवाचार से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी एवं प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। उद्घाटन सत्र में शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के निदेशक डॉ. टीएस सिद्धू ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बनना होगा।
उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर युवा ही राज्य की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे सकते हैं। कॉलेज के एसोसिएट डीन डॉ. अजय कुमार वर्मा ने भी विद्यार्थियों को पूरे उत्साह और सक्रियता के साथ प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए प्रेरित किया तथा इस पहल को युवाओं के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया। बूटकैंप के दौरान ईडीआई इंडिया के विशेषज्ञ डॉ. मनीष चंद्र,सपना नेगी और हेमंत बंसल प्रतिभागियों को उद्यमिता, नए बिजनेस मॉडल, स्टार्टअप विकास और व्यावहारिक कौशल से संबंधित प्रशिक्षण देंगे।


