लक्सर-खानपुर की आपदा समस्याओं का होगा तत्काल निस्तारण
उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष विनय रोहिल्ला ने लक्सर और खानपुर क्षेत्र में मानसून के दौरान हुई आपदाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को तटबंधों और सड़कों की मरम्मत के लिए त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने प्रभावित किसानों को मुआवजा सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।

उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष विनय रोहिल्ला ने लक्सर और खानपुर क्षेत्र के आपदा प्रभावित इलाकों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समस्याओं के तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान विभाग पूरी तरह सतर्क रहकर कार्य करें। आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलियों की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग को तत्काल कार्रवाई करने तथा तटबंधों और सुरक्षा कार्यों से संबंधित प्रस्तावों पर गंभीरता से काम करने के निर्देश दिए गए हैं। कुआंखेड़ा समेत विभिन्न स्थानों पर तटबंध टूटने और भूमि कटाव की समस्या पर विनय रोहिल्ला ने कहा कि इसके कारणों की जांच कर आपदा प्रबंधन विभाग के माध्यम से शीघ्र समाधान कराया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही या अनियमितता मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने बताया कि बरसात समाप्त होने के बाद गंगदासपुर मार्ग के निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा। मार्ग का डीपीआर तैयार हो चुका है और इसकी स्वीकृति भी मिल गई है। पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने कहा कि उनके कार्यकाल में क्षेत्र में चार बांधों का निर्माण कराया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले करीब चार वर्षों से तटबंधों का समुचित निरीक्षण नहीं होने के कारण स्थिति बिगड़ी है।जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री लक्सर और खानपुर क्षेत्र की आपदा संबंधी समस्याओं को लेकर गंभीर है। उन्होंने खानपुर क्षेत्र में तटबंधों की मरम्मत के साथ फसल खराब होने से प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की। इस दौरान खानपुर ब्लॉक प्रमुख नितिन कुमार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, एसडीएम लक्सर अनिल कुमार शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सुल्तानपुर ताहिर हसन, सीओ देवेंद्र सिंह नेगी, तहसीलदार दीवान सिंह राणा, खंड विकास अधिकारी प्रवीण भट्ट, मोहित कौशिक मौजूद रहे।


