हरि सेवा आश्रम के वार्षिकोत्सव में पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, संतों ने किया भव्य स्वागत
हरिद्वार में हरि सेवा आश्रम के वार्षिकोत्सव पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाग लिया। संतों एवं श्रद्धालुओं द्वारा उनका स्वागत किया गया। उन्होंने संत समाज के महत्व को बताया और हरि सेवा आश्रम द्वारा किए जा रहे धार्मिक कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम में कई संत-महात्मा एवं नागरिक मौजूद थे।
हरिद्वार। हरि सेवा आश्रम के वार्षिकोत्सव के अवसर पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ एवं विशाल संत सम्मेलन में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहुंचे। आश्रम पहुंचने पर मुख्यमंत्री का संत-महात्माओं एवं श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी हरि चेतनानंद महाराज ने मुख्यमंत्री को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने संतों का आशीर्वाद प्राप्त करते हुए कहा कि संत समाज भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं और नैतिक मूल्यों का संवाहक है। उन्होंने कहा कि संतों के मार्गदर्शन से समाज को नई दिशा और प्रेरणा मिलती है। मुख्यमंत्री ने हरिसेवा आश्रम द्वारा संचालित धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों की सराहना करते हुए इसे जनकल्याण और सनातन संस्कृति के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान बताया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संत-महात्मा, श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


