खटीमा में अपने आवास पर धामी ने सुनीं लोगों की समस्याएं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में अपने निज आवास पर लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान का निर्देश दिया। सीएम ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की। सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन देते हुए कहा कि जन समस्याओं को हल करना सरकार की प्राथमिकता है।
खटीमा, संवाददाता। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार सुबह नगरा तराई स्थित अपने निज आवास पर लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। सीएम धामी मंगलवार देर शाम गृह क्षेत्र खटीमा पहुंचे थे। बुधवार सुबह उनसे मिलने के लिए बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचे। सीएम सभी लोगों से मिले और उनकी समस्याओं को सुना। सभी लोगों को समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। अधिकारियों से कहा कि हर समस्या का समय से समाधान हो जाना चाहिए। कहा कि जन समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है।
अधिकारी प्रभावी तरीके से समस्याओं का समाधान करें, ताकि किसी को अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़े। लोगों से मिलने के बाद सीएम हेलीकॉप्टर से हल्द्वानी के लिए रवाना हो गए। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जाधारी गंभीर सिंह धामी, भवानी भंडारी, रंदीप पोखरिया, नंदन सिंह खड़ायत, नवीन बोरा, एसडीएम तुषार सैनी आदि मौजूद रहे।


