आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए शुरू हुआ विशेष प्रमाण पत्र पाठ्यक्रम
उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्व विद्यालय ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए विशेष प्रमाण पत्र पाठ्यक्रम शुरू किया है। इस पहल के तहत कोई पंजीकरण शुल्क नहीं लिया जाएगा और अध्ययन सामग्री मुफ्त में उपलब्ध कराई जाएगी। नए प्रवेश प्रक्रिया जुलाई से शुरू होकर 14 सितंबर तक चलेगी।

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय ने शैक्षिक सत्र 2026-27 में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बाल विकास एवं पोषण शिक्षा से जोड़ने के लिए विशेष प्रमाण पत्र पाठ्यक्रम शुरू किया है। विश्वविद्यालय की इस पहल के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से किसी प्रकार का पंजीकरण शुल्क नहीं लिया जाएगा।
पाठ्यक्रम की अवधि
यह पाठ्यक्रम न्यूनतम छह माह और अधिकतम दो वर्ष में पूरा किया जा सकेगा। प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए विद्यार्थियों को केवल चार प्रश्नपत्रों की निर्धारित परीक्षा फीस जमा करनी होगी। अध्ययन सामग्री भी मुक्त विश्वविद्यालय के एकलव्य ऐप के माध्यम से पीडीएफ के रूप में निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। मुक्त विश्वविद्यालय ने समाज के विशेष वर्गों को उच्च शिक्षा से जोड़ने के लिए निशुल्क प्रवेश की व्यवस्था भी की है।
विशेष प्रवेश सुविधाएँ
इसके तहत भारतीय सेना एवं अर्धसैनिक बलों के शहीद जवानों के आश्रितों, जेल में सजा काट रहे कैदियों, थर्ड जेंडर (किन्नर) तथा कोविड-19 महामारी के कारण अनाथ हुए शिक्षार्थियों को मुफ्त प्रवेश दिया जाएगा। इसके अलावा जो विद्यार्थी अध्ययन सामग्री या पुस्तकों की हार्ड कॉपी नहीं लेना चाहते, उन्हें ट्यूशन फीस में 15 प्रतिशत की छूट मिलेगी।
नए प्रवेश की प्रक्रिया
शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए नए प्रवेश की प्रक्रिया जुलाई के प्रथम सप्ताह से शुरू है। नए प्रवेश की अंतिम तिथि 14 सितंबर, जबकि पुराने प्रवेश के नवीनीकरण एवं पुनः पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 सितंबर निर्धारित की गई है। विश्वविद्यालय में सभी प्रवेश समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन डिजिटल प्रक्रिया से किए जा रहे हैं।
विभिन्न पाठ्यक्रमों की जानकारी
राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर स्थित अध्ययन केंद्र एस-088 के समन्वयक डॉ. शिव कुमार ने बताया कि मुक्त विश्वविद्यालय में 70 से अधिक प्रकार के डिग्री, डिप्लोमा एवं प्रमाण पत्र कार्यक्रम संचालित हैं। इस वर्ष से अध्ययन केंद्र पर एमए गृह विज्ञान एवं लोक प्रशासन तथा एमएससी बॉटनी, जूलॉजी, केमेस्ट्री और पर्यावरण विज्ञान सहित अन्य विषयों में भी नए प्रवेश शुरू किए गए हैं। उन्होंने बताया कि मुक्त विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रम ऐसे लोगों के लिए विशेष रूप से उपयोगी हैं, जो किसी व्यवसाय या कार्य में लगे हैं अथवा सरकारी और गैर सरकारी सेवाओं में कार्यरत हैं। नियमित विद्यार्थी भी किसी पाठ्यक्रम में अध्ययन करते हुए मुक्त विश्वविद्यालय के माध्यम से एक अतिरिक्त उपाधि पाठ्यक्रम साथ-साथ कर सकते हैं।

