57 आउटसोर्स परिचालक संविदा में होंगे समायोजित
बस्ती, उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने 57 आउटसोर्स परिचालकों को संविदा में समायोजित करने की प्रक्रिया शुरू की है। इससे बसों के संचालन में सहूलियत मिलेगी और परिचालकों की कमी दूर होगी। वंशिका मेमर्स के माध्यम से 51 और सरलोक इंटरप्राइजेज के माध्यम से छह परिचालकों का समायोजन किया जाएगा।

बस्ती, निज संवाददाता। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में कार्यरत आउटसोर्स परिचालकों के लिए राहत की खबर है। रोडवेज डिपो में कार्यरत 57 आउटसोर्स परिचालकों को विभिन्न फर्मों के माध्यम से संविदा में समायोजित किया जाएगा। इसके लिए विभाग ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार इससे बसों के संचालन में सहूलियत मिलेगी और परिचालकों की कमी भी दूर होगी। परिवहन निगम के बस्ती डिपो में वर्तमान में 167 संविदा परिचालक सेवा दे रहे हैं। विभाग की ओर से 57 आउटसोर्स परिचालकों को संविदा में समायोजित करने की कार्ययोजना तैयार की गई है। इसमें वंशिका मेमर्स के माध्यम से 51 और सरलोक इंटरप्राइजेज के माध्यम से छह परिचालकों को संविदा में रखा जाएगा।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक कल्पना श्रीवास्तव ने बताया कि वंशिका मेमर्स के माध्यम से 51 आउटसोर्स परिचालकों को संविदा में समायोजित करने की प्रक्रिया एक नवंबर तक पूरी की जाएगी। वहीं, सरलोक इंटरप्राइजेज के माध्यम से छह परिचालकों के समायोजन की प्रक्रिया एक फरवरी से शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि समायोजन संबंधी औपचारिकताएं पूरी करने की प्रक्रिया चल रही है।

