विकास प्राधिकरणों की तरह निकायों में भी भू-उपयोग पर पास होंगे नक्शे
- भवन निर्माण एवं विकास उपविधि-2025 को निकायों में लागू करने पर फैसला लखनऊ,

राज्य सरकार ने बड़े शहरों की तरह छोटे शहरों में भी सुनियोजित विकास के लिए भू-उपयोग के आधार पर नक्शा पास कराने का फैसला किया है। विकास प्राधिकरण और विनयमित क्षेत्र से बाहर 559 निकायों में उत्तर प्रदेश भवन निर्माण एवं विकास उपविधि-2025 को लागू किया जाएगा। नक्शा पास करने का अधिकार अधिशासी अधिकारियों को दिया गया है।
कैबिनेट का फैसला और मौजूदा व्यवस्था
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट की बैठक में यह फैसला हुआ। प्रदेश में मौजूदा समय 762 निकाय हैं, जिनमें 17 नगर निगम, 200 पालिका परिषद और 545 नगर पंचायतें हैं। इनमें 203 निकाय आवास विभाग के अधीन विकास प्राधिकरण और विनियमित क्षेत्र में आते हैं। इन क्षेत्रों के लिए आवास विभाग द्वारा मास्टर प्लान तैयार कराया गया है और इसमें तय भू-उपयोग के आधार पर नक्शे पास किए जा रहे हैं।
559 निकायों में एकरूपता की कमी
प्रदेश के 559 निकाय विकास प्राधिकरण और विनियमित क्षेत्र से बाहर हैं। ये निकाय किसी समान मॉडल भवन निर्माण एवं विकास उपविधि के तहत नहीं आते हैं। वर्तमान व्यवस्था में उत्तर प्रदेश नगर पालिका अधिनियम 1916 में दी गई व्यवस्था के आधार पर निकायों द्वारा नक्शा पास किया जा रहा है। इसके अलावा अलग-अलग उपविधियां सक्षम स्तर से मंजूर कराई गई हैं। इसके चलते निकायों में भू-उपयोग एवं भवन निर्माण गतिविधियों के संबंध में एकरूपता का अभाव बना हुआ है।
भूमि विकास योजना के आधार पर नक्शा पास होंगे
नगर पालिका अधिनियम-1916 के अंतर्गत भू-उपयोग, भवन निर्माण गतिविधियों, विकास नियंत्रण एवं योजनाबद्ध नगरीय विकास के लिए कोई भी समग्र व प्रभावी वैधानिक ढांचा उपलब्ध नहीं है। इसलिए इन क्षेत्रों में अनियोजित शहरी विस्तार, अवैध निर्माण, विकास का दबाव, यातायात व्यवस्था तथा नियोजन मानकों के अनुपालन में असमानता जैसी समसयाएं उत्पन्न हो रही हैं। इसलिए नगर पालिका परिषद अधिनियम संख्या दो की धारा दो के खंड आठ के स्थान पर महायोजना के अनुसार तैयार की गई भूमि विकास योजना को जोड़ा गया है। नई धारा 186 क व 186 ख में संशोधन करते हुए भवन निर्माण एवं विकास उपविधि के आधार पर नक्शा पास करने की व्यवस्था की गई है।

