शिक्षक संघ ने की सिटीजन चार्टर लागू की मांग
देवरिया में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और विधायक डा. शलभ मणि त्रिपाठी से मुलाकात की। उन्होंने सिटीजन चार्टर बोर्ड लगाने और शिक्षकों के एनपीएस कटौतियों को रिटायरमेंट खाते में जमा कराने की मांग की। अगर समस्याएँ हल नहीं हुईं, तो 31 अगस्त को प्रदर्शन की चेतावनी दी।

देवरिया, निज संवाददाता। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधि मंडल ने कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही एवं सदर विधायक डा. शलभ मणि त्रिपाठी से मुलाकात कर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के मुख्य द्वार पर सिटीजन चार्टर का बोर्ड लगाने, इसका क्रियान्वयन कराने, शिक्षकों के वेतन से काटी जा रही एनपीएस को शिक्षकों के परमानेंट रिटायरमेंट अकाउंट नम्बर में जमा कराने की मांग की।कृषि मंत्री एवं सदर विधायक ने फोन कर जिला विद्यालय निरीक्षक हरिश्चंद्र नाथ को निर्देशित किया कि शिक्षक संघ द्वारा उठायी गई मांग सरकार की प्राथमिकता में है, सिटीजन चार्टर को कार्यालय के मुख्य द्वार पर लगायें एवं शिक्षकों की एनपीएस कटौती समय से उनके प्रान खाते में जमा करायें।
प्रदेश प्रवक्ता श्रवण कुशवाहा ने कहा है कि समस्याएं हल नहीं होने पर 31 अगस्त को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर तालाबंदी की जायेगी। प्रतिनिधि मंडल में प्रदेश मंत्री डा. महेन्द्र राय, सत्येंद्र कुमार सिंह, ओम प्रकाश मौर्य आदि शामिल रहे।


