रवीन्द्र, प्रशांत और अवधेश बने प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष
उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक इकाई के चुनाव रविवार को बीआरसी केंद्र पर संपन्न हुए। रविंद्र कुमार ने अध्यक्ष पद पर 179 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। अजीत कुमार और विनोद कुमार क्रमशः मंत्री और कोषाध्यक्ष पद पर विजयी रहे। चुनाव प्रक्रिया में शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विजेताओं का स्वागत किया।

संभल/बहजोई, संवाददाता। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ की ब्लॉक इकाई के अध्यक्ष, मंत्री और कोषाध्यक्ष पदों के लिए रविवार को बीआरसी केंद्र पर मतदान कराया गया। चुनाव पर्यवेक्षक संजीव कुमार शर्मा की देखरेख में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ।दोपहर बाद हुई मतगणना में रविन्द्र कुमार ने अध्यक्ष पद पर 179 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी उमा रानी को 78 मतों से पराजित करते हुए जीत दर्ज की। मंत्री पद पर अजीत कुमार ने 158 मत हासिल कर जसपाल सिंह को 41 मतों से पराजित किया। वहीं कोषाध्यक्ष पद पर विनोद कुमार ने 175 मत प्राप्त कर अपने प्रतिद्वंद्वी विदुषी को 75 मतों के अंतर से शिकस्त दी।
गुन्नौर ब्लॉक में अध्यक्ष पद पर प्रशांत कुमार यादव को 159 जबकि सुषाष चंद्र यादव को 98 मत मिले, उन्होंने प्रतिद्वंदी सुषाषचंद्र यादव को 61 मतों से पराजित किया। मंत्री पद पर हर्षित भारद्वाज विजेता रहे। उन्हें 137 जबकि प्रतिद्वंदी ब्रजकिशोर यादव को 113 मत मिले। कोषाध्यक्ष पद पर सुमित कुमार ने 37 मतों से जीत हासिल की। उन्होंने 141 वोट प्राप्त किए जबकि प्रतिद्वंदी कोमल प्रसाद को केवल 104 मत ही मिल सके। वहीं रजपुरा ब्लॉक में अध्यक्ष अवधेश कुमार चुने गए। उन्होंने सात मतों के अंतर से लोकेश कुमार भारद्वाज को पराजित किया। मंत्री पद पर मुदित कुमार शर्मा चुने गए। उन्होंने 166 मत प्राप्त किए जबकि प्रतिद्वंदी तरूण कुमार को केवल 59 मत ही मिल पाए। चुनाव प्रक्रिया में शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया और मिठाई बांटकर खुशी जताई। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने शिक्षकों के विश्वास पर खरा उतरने तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए सभी को साथ लेकर कार्य करने का भरोसा जताया। इस दौरान मुकेश कुमार, सुशील कुमार, नीरज कुमार, पीठासीन अधिकारी के रूप में मौजूद रहे। दिनेश चंद्र शर्मा व संजीव कुमार शर्मा भी चुनाव प्रक्रिया में मौजूद रहे।


