बासमती धान के निर्यात को मिलेगा बढ़ावा
उत्तर प्रदेश कृषि निर्यात नीति के तहत बासमती निर्यात विकास प्रतिष्ठान मोदीपुरम में किसानों की आय बढ़ाने के लिए समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न जनपदों के कृषक उत्पादन संगठनों के साथ एमओयू कराया गया, जिससे किसानों को बेहतर विपणन और निर्यात बाजार में सीधी पहुंच मिलेगी।

उत्तर प्रदेश कृषि निर्यात नीति के तहत निर्यातोन्मुख कृषक उत्पादन संगठन क्लस्टरों के किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में सोमवार को बासमती निर्यात विकास प्रतिष्ठान मोदीपुरम में समझौता ज्ञापन हस्ताक्षर कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोजन बासमती निर्यात विकास प्रतिष्ठान मोदीपुरम तथा कृषि विपणन एवं कृषि विदेश व्यापार विभाग उत्तर प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। कार्यक्रम में जनपद मेरठ के दो, गौतमबुद्ध नगर के एक तथा मुजफ्फरनगर के दो कृषक उत्पादन संगठनों के बासमती धान क्लस्टरों का दौलत ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज, बहजोई संभल के साथ एमओयू कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस पहल से किसानों को गुणवत्तापूर्ण उत्पादन, बेहतर विपणन व्यवस्था और निर्यात बाजार तक सीधी पहुंच मिलेगी।
कार्यक्रम में बीईडीएफ के संयुक्त निदेशक रितेश शर्मा, सहायक कृषि विपणन अधिकारी राहुल यादव, मेरठ एवं सहारनपुर मंडल के अधिकारी और विभिन्न जनपदों के निरीक्षक और कृषक उत्पादन संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


