प्रदेश में इस बार रबी सीजन में 140 लाख हेक्टेयर में होगी फसलों की बुवाई
लखनऊ, प्रमुख संवाददाता। प्रदेश में आने वाले रबी सीजन में 140 लाख हेक्टेयर

लखनऊ, प्रमुख संवाददाता। प्रदेश में आने वाले रबी सीजन में 140 लाख हेक्टेयर में रबी फसलों की खेती होगी। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने रबी अभियान-2026 के तहत राष्ट्रीय कृषि विज्ञान परिसर (एनएससी), पूसा, नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन में यह जानकारी दी।
रबी फसलों की बुवाई
उन्होंने कहा कि आगामी रबी सीजन में प्रदेश में करीब 100 लाख हेक्टेयर में गेहूं, लगभग 20 लाख हेक्टेयर में दलहन तथा लगभग 20 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में तिलहन की बुवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में फसल विविधीकरण, उत्पादकता संवर्धन तथा किसानों की आय में वृद्धि के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं और उत्तर प्रदेश ने प्रमुख फसलों की उत्पादकता को राष्ट्रीय औसत तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।
सरकार के प्रयास
इस अवसर पर कृषि मंत्री ने तूर, अरहर और मूंग की 4.70 लाख मीट्रिक टन खरीद की अनुमति देने के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही उन्होंने रबी फसलों के लिए प्रमाणित बीज वितरण के लक्ष्य को पूर्व निर्धारित 98,137 क्विंटल पर बहाल करने का अनुरोध करते हुए कहा कि चना, मटर और मसूर के बीज उत्पादन लक्ष्य को कम किए जाने से राज्य बीज निगम सहित प्रदेश के रबी क्षेत्र पर विपरीत प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार दलहन एवं तिलहन के उत्पादन विस्तार के लिए मिशन मोड पर कार्य कर रही है और 12 जिलों में कृषि उन्नति योजना एवं धन-धान्य योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है।


