'पहले इलाज, पर्चा बाद में': डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक बोले-मरीज के शुरुआती 2-5 मिनट सबसे कीमती
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अस्पताल पहुंचने के शुरुआती दो से पांच मिनट को महत्वपूर्ण बताया और तत्काल इलाज की आवश्यकता की बात की। केजीएमयू दीक्षांत समारोह में उन्होंने बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की बात की। लखनऊ में 105 किमी लंबी एलिवेटेड रोड और ब्रह्मोस मिसाइल पर भी चर्चा की गई।
लखनऊ, वरिष्ठ संवाददाता।उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि मरीज के अस्पताल पहुंचने के शुरुआती दो से पांच मिनट सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे में पहली प्राथमिकता मरीज को तत्काल इलाज देना होनी चाहिए, पर्चा और अन्य औपचारिकताएं बाद में पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापरक चिकित्सा शिक्षा, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की बदौलत उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और प्रदेश की पहचान लगातार मजबूत हुई है। केजीएमयू के 22वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संस्थान आज देश के शीर्ष चिकित्सा संस्थानों में शुमार है, जिसका श्रेय यहां के छात्रों, डॉक्टरों और कर्मचारियों को जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से मानव सेवा का संकल्प लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि प्रदेश के अन्य चिकित्सा संस्थानों को भी आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है और केजीएमयू को पर्याप्त बजट उपलब्ध कराया गया है。
लखनऊ को जल्द मिलेगी 105 किमी एलिवेटेड रोड की सौगात
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि रक्षामंत्री जल्द ही लखनऊ को एलिवेटेड रोड की सौगात देंगे। शहर के बाहरी हिस्से में बनने वाली 105 किलोमीटर लंबी यह सड़क प्रदूषण कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की सादगी का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका रेल से सफर करना सभी के लिए प्रेरणादायी है।
लखनऊ में बन रही ब्रह्मोस, विदेशों में मांग
उन्होंने कहा कि लखनऊ में अत्याधुनिक ब्रह्मोस मिसाइल तैयार की जा रही है और प्रदेश सरकार ने इसके लिए नि:शुल्क जमीन उपलब्ध कराई है। मिसाइल का निशाना अचूक है और राजधानी में बनी इस मिसाइल की विदेशों में भी मांग है।


