समस्याएं हल न हुई तो आंदोलन करेगा रोडवेज कर्मचारी संघ
उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ ने कर्मचारियों की समस्याओं और निगम हित की मांगों पर आंदोलन की चेतावनी दी है। संघ का आरोप है कि अधिकारियों द्वारा दिए गए आदेशों का कार्यान्वयन नहीं हुआ है। यदि 5 सितंबर तक ज्ञापित मांगें पूरी नहीं हुईं, तो धरना शुरू किया जाएगा।

गोला गोकर्णनाथ। उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ ने कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं एवं निगम हित से संबंधित मांगों पर लंबे समय से कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। संघ के पदाधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों को भेजे पत्र में कहा है कि विगत कई महीनों में कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और निगम हित से जुड़े मुद्दों को लेकर कई दौर की वार्ता हुई थी। वार्ता के दौरान अधिकारियों द्वारा मांगों पर सकारात्मक सहमति व्यक्त करते हुए कुछ मामलों में लिखित आदेश भी जारी किए गए थे। संघ का आरोप है कि कई माह बीत जाने के बाद भी जारी किए गए आदेशों का क्रियान्वयन नहीं किया गया।
इससे कर्मचारियों में रोष है और संगठन की छवि पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।पत्र में आरोप लगाया गया है कि कर्मचारियों के साथ भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है और एकपक्षीय कार्रवाई की जा रही है। संघ ने इसे नियमों के विपरीत बताते हुए मांगों को शीघ्र लागू करने की मांग की है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि लंबित मांगों और पूर्व में दिए गए आदेशों को पूर्ण रूप से लागू नहीं किया गया तो संगठन 5 सितंबर से संबंधित कार्यालय, कार्यस्थल के समक्ष धरना शुरू करने को विवश होगा। संघ ने कहा है कि मांगें पूरी होने तक धरना जारी रहेगा और इसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की होगी। पत्र की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, श्रम विभाग सहित अन्य संबंधित अधिकारियों एवं संगठन के पदाधिकारियों को भेजी गई है।


